नशा रोकथाम अभियान के तहत वर्ष 2025 में झज्जर पुलिस ने 115 गांव व 11 वार्ड किए नशा मुक्त, 1005 जागरूकता कार्यक्रमों से 62,000 लोगों को जागरूक कर 273 लोगों को किया नशा मुक्त

विशेष संवाददाता चिमन लाल

शराब तस्करी में 53 मुकदमे, 73 गिरफ्तार, 82,337 बोतल बरामद हुईं, जबकि नशा तस्करी में 104 मुकदमे, 147 गिरफ्तार, भारी मात्रा में गांजा, चरस, अफीम, स्मैक व अन्य नशीले पदार्थ बरामद किए गए

झज्जर

पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में झज्जर पुलिस द्वारा वर्ष 2025 के दौरान नशे के खिलाफ सख्त एवं जनहितकारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त अपराधियों पर कठोर कार्रवाई करना रहा, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता फैलाना भी रहा।झज्जर पुलिस की विभिन्न टीमों ने बीते वर्ष के दौरान शराब तस्करी के मामलों में कुल 53 मुकदमे दर्ज किए और 73 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 82,337 बोतल अवैध शराब बरामद की गई। इनमें 15,482 बोतल अंग्रेजी शराब, 61,077 बोतल देसी शराब तथा 5,778 बोतल बियर शामिल हैं। यह बरामदगी जिले में अवैध शराब के नेटवर्क को तोड़ने की दिशा में एक बड़ी सफलता मानी जा रही है। इसके अतिरिक्त नशीले पदार्थों के तस्करों के विरुद्ध भी झज्जर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए 104 मुकदमे दर्ज किए और 147 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इन आरोपियों से 212.177 किलोग्राम गांजा पत्ती, 151.101 किलोग्राम चरस, 7 किलो 70 ग्राम अफीम, 25 किलो चूरा पोस्त, स्मैक, हीरोइन सहित 107 प्रतिबंधित गोलियां और 14 इंजेक्शन बरामद किए गए। इस वर्ष के दौरान नशे की रोकथाम को लेकर भी झज्जर पुलिस ने जागरूकता अभियान को विशेष प्राथमिकता दी। जिले की विभिन्न पुलिस टीमों ने जिले भर में विशेष अभियान चलाकर 115 गांवों और 11 वार्डों को नशा मुक्त कराने का कार्य किया। वर्ष 2025 में कुल 1005 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 62,000 नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों एवं उससे बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। इन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप 273 व्यक्तियों को नशे की लत से बाहर निकालने में सफलता प्राप्त हुई। झज्जर पुलिस नशे के खिलाफ अपनी इस मुहिम को भविष्य में भी पूरी सख्ती और संवेदनशीलता के साथ जारी रखेगी, ताकि समाज को सुरक्षित, स्वस्थ और नशा मुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *