प्रत्येक माह के पहले बृहस्पतिवार को किया जाएगा पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं का निवारण

पुलिस कर्मचारियों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना व समस्याओं का निवारण कर उनकी भलाई करना पहली प्राथमिकता: राकेश कुमार आर्य, आईजी रोहतक रेंज

रोहतक मंडल के पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार आर्य प्रत्येक माह के प्रथम बृहस्पतिवार को रेंज के पुलिस कर्मचारियों की समस्याऐं सुनकर उनका निवारण करेंगें। पुलिस कर्मचारियों के कल्याण व उनकी समस्याओं का निवारण करने के मद्देनजर आवश्यक दिशा निर्देश किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय रोहतक मंडल रोहतक में हर माह के प्रथम बृहस्पतिवार को रेंज के अंतर्गत चारों जिलों रोहतक, झज्जर, चरखी दादरी व भिवानी पुलिस का कोई भी पुलिस कर्मचारी अपनी निजी अथवा विभागीय समस्या के लिए पुलिस महानिरीक्षक महोदय के समक्ष पेश हो सकता है। किसी भी कारणवश पुलिस महानिरीक्षक महोदय की महीने के प्रथम बृहस्पतिवार को कार्यालय में मौजूदगी ना होने पर उसी माह के दूसरे बृहस्पतिवार को कर्मचारियों की समस्याओं को सुना जाएगा। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस कर्मचारियों के कल्याण व सुविधा को मद्देनजर रखते हुए आईजी श्री राकेश कुमार आर्य के आदेश अनुसार निर्धारित किए गए दिन व समय पर रेंज का कोई भी पुलिस कर्मचारी अपनी समस्या रख सकता है। पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं की सुनवाई बारे आदेश जारी करते हुए आईजी श्री राकेश कुमार आर्य ने कहा कि पुलिस कर्मचारियों को आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना व समस्याओं का निवारण कर उनकी भलाई करना पहली प्राथमिकता है। सिपाही से उपनिरीक्षक रैंक तक का कोई भी पुलिस कर्मचारी अपनी प्रशासनिक एवं निजी समस्या जिसका जिला स्तर पर समाधान ना हो पा रहा हो, उसके समाधान के लिए रेंज कार्यालय रोहतक आ सकता है। समस्या के निवारण हेतु कोई भी पुलिस कर्मचारी बिना किसी औपचारिक अनुमति के भी अपने कार्यस्थल से लिखित में रवानगी करवाने के पश्चात रेंज कार्यालय में आ सकता है। अपनी समस्या के निवारण के लिए रेंज कार्यालय में आने वाले पुलिस कर्मचारियों के लिए आने से 02/03 दिन पूर्व कल्याण शाखा के नंबर 01262 228208 पर अपना परिचय व समस्या बारे अवगत कराना अनिवार्य रहेगा। ताकि उक्त कर्मचारी की समस्या के संबंध में कल्याण शाखा द्वारा आवश्यक तैयारी की जा सके। पुलिस कर्मचारियों की सुविधा के मद्देनजर लिए उपरोक्त निर्णय के संबंध में रोहतक रेंज के अंतर्गत चारों जिलों के उच्च पुलिस अधिकारियों को पत्र जारी करके आधिकारिक तौर पर सूचित किया गया है। कार्यालय में इससे पूर्व भी कई बार रेंज के पुलिस कर्मचारियों की समस्याओं को सुन कर उनका मौके पर ही निपटारा किया गया है। अब पुलिस कर्मचारियों के लिए हर माह के प्रथम बृहस्पतिवार को अर्जमर्ज के लिए दिन का निर्धारण किया गया है। अपनी किसी भी समस्या के लिए कोई भी पुलिस कर्मचारी कार्यालय में संपर्क कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *