प्रदेश के खिलाडिय़ों की वजह से देश व दुनिया में हरियाणा की अलग पहचान

विशेष संवाददाता चिमन लाल

सरकार की खेल नीति दूसरे राज्यों के लिए बनी रोल मॉडल

रोहतक,

राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित दो दिवसीय प्रथम मिश्रित टेबल टेनिस चैंपियनशिप प्रतियोगिता का आज समापन हो गया। फ्रैंड्स स्पोर्ट्स टेबल टेनिस क्लब को इस प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया। उपायुक्त सचिन गुप्ता तथा उनकी धर्मपत्नी श्रीमती हेना सुखना संयुक्त आयुक्त (आयकर) ने खिलाडिय़ों को पुरस्कार प्रदान किए। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने प्रतियोगिता के प्रतिभागी खिलाडिय़ों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने जहां विजेता टीम के खिलाडिय़ों को शाबाशी दी, वही इस प्रतियोगिता में द्वितीय व तृतीय स्थान पर रही टीमों के खिलाडिय़ों का भी हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें आगामी प्रतियोगिता जीतने के लिए और अधिक मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर खेल के माहौल को बेहतर बनाने के लिए हर संभव कदम उठाए गए हैं। उन्होंनेे कहा कि प्रदेश के खिलाडिय़ों की वजह से देश व दुनिया में हरियाणा की एक अलग पहचान है। हरियाणा ने अपनी मजबूत खेल नीति और जमीनी स्तर पर निवेश के कारण खुद को भारत का एक प्रमुख खेल केंद्र स्थापित किया है, जिससे देश के लिए कई खेल सितारे पैदा हुए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए सरकार ने अनेक कदम उठाए हैं। बचपन से ही खिलाडिय़ों को तराशने के लिए खेल नर्सरियां खोली गई हैं। इनमें उन्हें वित्तीय सहायता व प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।
राज्य सरकार की खेल नीति का जिक्र करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण विजेता को 6 करोड़ रूपये, रजत पदक विजेता 4 करोड़ रूपये, कांस्य पदक विजेता को 2.50 करोड़ रूपये के नकद पुरस्कार तथा प्रत्येक प्रतिभागी खिलाड़ी को 15 लाख रूपये देने का प्रावधान किया गया है। ओलम्पिक खेलो हेतू चुने गए हरियाणा के खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार राशि में से प्रशिक्षण तथा खुराक हेतू अग्रिम 5 लाख रूपये देने का प्रावधान है। इसी प्रकार से पैरालम्पिक ओलम्पिक पदक विजेताओं को तथा प्रतिभागिता करने पर सामान्य खिलाडिय़ों की भांति नकद पुरस्कार की बराबर राशि प्रदान किये जाने का प्रावधान किया गया है। प्रथम मिश्रित टेबल टेनिस चैम्पियनशिप प्रतियोगिता जीतने वाली फें्रडस स्पोटर््स टेबल टेनिस क्लब टीम में जुबिन कुमार, सुहाना सैनी, पारस और अरनव वर्मा शामिल थे। दूसरे स्थान पर रही ऐस अटैकर्स टीम में निकुंज अत्री, अंजलि रोहिल्ला, अवनी दुआ और भाव्या शामिल थी। तीसरे स्थान पर रही श्रीराम सेना गुरुग्राम टीम में सिद्धांत कटारिया, काशवी कालड़ा, अवनी झांगू तथा ग्रंथ डुक्लान शामिल रहे। चौथे स्थान पर रही स्टार टेबल टेनिस क्लब टीम में आरव आचार्य, राधिका सोनी, भवति बिष्ट और आरव साहनी शामिल थे। प्रतियोगिता की आयोजक टेबल टेनिस कोच भावना सैनी ने आए हुए मेहमानों का स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट किया। उन्होंने बताया कि स्कॉलर रोजरी स्कूल द्वारा प्रायोजित इस प्रतियोगिता में कुल 16 टीमों ने भाग लिया। इस अवसर पर विकास सैनी, गौरव नागपाल, नित्य नागपाल, यश शर्मा, टीना शर्मा, अरुण झांगू, कुणाल कुमार, गणेश आहूजा, नीरज सिंह, सतबीर सैनी व कमला सैनी आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *