विशेष संवाददाता चिमन लाल
मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा गणतंत्र दिवस समारोह में फहरायेंगे ध्वज
रोहतक,
रोहतक के राजीव गांधी खेल परिसर में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। इस रिहर्सल में गणतंत्र दिवस के दिन होने वाले सभी कार्यक्रमों का रियल टाइम अभ्यास किया गया। परेड, मार्च पास्ट, सलामी, झांकियों की समय-सीमा और मंचीय व्यवस्थाओं को वास्तविक कार्यक्रम की तरह दोहराया गया, ताकि मुख्य समारोह के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो। पूरे मैदान में अनुशासन और समन्वय का स्पष्ट नजारा देखने को मिला। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने ध्वजारोहण करने के उपरांत परेड कमांडर आईपीएस रविंद्र कुमार के साथ खुली जीप में सवार होकर परेड टुकडिय़ों का निरीक्षण किया। इसके उपरांत परेड कमांडर के नेतृत्व में सभी 8 परेड टुकडिय़ों ने मुख्य मंच से गुजरते हुए भव्य मार्च पास्ट निकाला, जिसकी उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सलामी ली। इस दौरान परेड में शामिल सभी टुकडिय़ों को संबोधित करते हुए उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने अनुशासन, तालमेल और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया। रिहर्सल के दौरान मैदान में सुरक्षा, यातायात और आपात व्यवस्था का भी परीक्षण किया गया, ताकि मुख्य समारोह के दिन किसी तरह की परेशानी न हो।
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि रिहर्सल में सभी अधिकारियों ने अच्छे से अपनी जिम्मेदारियां का निर्वहन किया है। विभिन्न स्कूलों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा गणतंत्र दिवस पर ध्वज फहराएंगे। उन्होंने जिला वासियों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल हो। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने सभी अधिकारियों को समय पर अपने-अपने दायित्व स्थल पर उपस्थित होकर जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने झांकियों के निर्धारित समय में प्रदर्शन, सुदृढ़ मेडिकल व्यवस्था और आपसी समन्वय को समारोह की सफलता की कुंजी बताया। मार्च पास्ट में एसआई मंजूलता के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस महिला टुकड़ी, पीएसआई गौरव छौक्कर के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस टुकड़ी, एसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में होमगार्ड की टुकड़ी, अंडर ऑफिसर युविका फोगाट के नेतृत्व में एनसीसी गल्र्ज, अंडर ऑफिसर हिमांशु के नेतृत्व में एनसीसी ब्वॉयज, यशवी के नेतृत्व में स्काउट एंड गाइड गल्र्ज, आयुष आर्य के नेतृत्व में स्काउट एंड गाइड ब्वॉयज तथा आशिफ के नेतृत्व में जीडी गोयनका इंटरनेशनल स्कूल के बैंड की टुकड़ी शामिल हुई। अंतिम पूर्वाभ्यास समारोह में 22 विद्यालयों के 1700 विद्यार्थियों ने सामूहिक शारीरिक अभ्यास का शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लाढौत गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा मलखंब की प्रस्तुति, मॉडल स्कूल द्वारा समूह नृत्य, जेड ग्लोबल स्कूल द्वारा आई एम द फ्लेम समूह नृत्य, स्वामी नित्यानंद पब्लिक स्कूल द्वारा बैसाखी आधारित पंजाबी गिद्दा, पठानिया पब्लिक स्कूल द्वारा नृत्य व जिम्नास्टिक, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन द्वारा हरियाणवीं लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। अंतिम पूर्वाभ्यास का समापन मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए गए राष्ट्रगान से हुआ। इससे पहले उपायुक्त सचिन गुप्ता मदवि स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पहुंचे और शहीदों को नमन किया। उन्होंने युद्ध स्मारक पर की जा रही तैयारियों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भोरिया, उपमंडलाधीश आशीष कुमार, प्रादेशिक परिवहन प्राधिकरण के सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, महम चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मकुंद तंवर, नगराधीश अंकित कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, पुलिस उपाधीक्षक रवि खुंडिया, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला सैनिक व अर्धसैनिक कल्याण अधिकारी विंग कमांडर गौरिका सुहाग, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मंजीत मलिक, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी दिलजीत सिंह, डी पी सी सुमन हुड्डा, डिप्टी डी ई ओ सुनीता चहल, पी टी तथा परेड के नोडल अधिकारी अशोक नांदल, डी ओ सी बलराज आर्य, सुमन, सुरेंद्र कुमार, प्राचार्य सुनीता, रश्मि, प्रवक्ता कृष्णा रंजन, अलका मदान, रचना, बलराज आर्य, अंजना,सोनू शर्मा, नैना, रेखा, डीपीई ओमपाल, ए ई ओ संजय मौजूद रहे। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला स्तरीय समारोह के अलावा 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को सांपला व महम में उपमंडल स्तरीय समारोह आयोजित किए जाएंगे। महम में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में चरखी दादरी के विधायक सुनील सतपाल सांगवान बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे। सांपला में आयोजित होने वाले उपमंडल स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा बतौर मुख्यातिथि ध्वजारोहण करेंगे।