विशेष संवाददाता चिमन लाल
वातावरण की शुद्धता के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक हानिकारक : एसडीएम
बहादुरगढ़,
एसडीएम नसीब कुमार ने कहा कि डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल के मार्गदर्शन में बहादुरगढ़ शहर को पॉलीथिन मुक्त बनाना पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बहादुरगढ़ शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्णतया प्रतिबंध लगाने की दिशा में प्रशासन द्वारा प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं, जिसके चलते नियमों की अवहेलना करने वालों के प्रशासन द्वारा नियमानुसार चालान किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के निरंतर सफाई गतिविधियां चल रही हैं, बाजारों में दुकानदारों और उपभोक्ताओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है,साथ ही दुकानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी कड़ी में शहर के बाजारों में शुक्रवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाकर सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग करने वाले चार दुकानदारों के चालान किए ,जिसमें 68 किलो प्लास्टिक सामान बरामद किया गया है और 78 हजार रुपए जुर्माना किया गया है। यह कार्रवाई प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी शैलेंद्र अरोड़ा,जेई सोनू,नगर परिषद के एमई जोगेंद्र सिंधु के नेतृत्व में की गई। टीम ने मुख्य बाजार,सब्जी मंडी,गांधी मार्केट और परशुराम मार्ग सहित कई इलाकों में दुकानों पर छापेमारी की। उन्होंने कहा कि नागरिक और दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग ना करके कपड़े के थैले का प्रयोग करें जिससे वातावरण में प्रदूषण नही फैलेगा।