विशेष संवाददाता चिमन लाल
राष्ट्रीय एकता दिवस पर बहादुरगढ़ की दौड़ में उमड़ा उत्साह, गूंजे—‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारे
बहादुरगढ़,
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर बहादुरगढ़ शहर देशभक्ति और एकजुटता के रंग में रंग गया। डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेडियम से हजारों प्रतिभागियों ने ‘रन फॉर यूनिटी’ में शामिल होकर अखंड भारत का संदेश दिया। विधायक राजेश जून और भाजपा नेता दिनेश कौशिक ने संयुक्त रूप से रन फॉर यूनिटी दौड़ को हरी झंडी दिखाई। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाज के गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी एकता और अखंडता का संदेश देते हुए लघु सचिवालय तक दौड़े। रन फॉर यूनिटी के दौरान हाथों में लहराते तिरंगे और राष्ट्रभक्ति के नारों ने पूरे माहौल को ऊर्जा से भर दिया। दौड़ में स्कूली बच्चों, युवाओं, खिलाड़ियों, बुजुर्गों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर दौड़ते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचे। पूरे रास्ते “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” के स्वर गूंजते रहे। मुख्य अतिथि विधायक राजेश जून ने प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई और कहा कि भारत की अखंडता की नींव सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपने अदम्य साहस, रणनीतिक दृष्टि और दमदार नेतृत्व से रखी। उन्होंने कहा कि “रन फॉर यूनिटी सिर्फ एक दौड़ नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकजुटता की प्रेरणा है। यह कार्यक्रम हमें बताता है कि भारत की शक्ति उसकी विविधता और एकता में निहित है।” उन्होंने कहा कि इस आयोजन से युवाओं में राष्ट्र निर्माण, अनुशासन और फिटनेस के प्रति नई चेतना जागृत होती है। विधायक जून ने गुजरात के केवड़िया स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को भारत की एकता व गौरव का सर्वोच्च प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारत की भावी पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए और एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में योगदान देना चाहिए।
रन फॉर यूनिटी में भाजपा नेता दिनेश कौशिक, संजय सैनी शहरी मंडल अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा व प्रशासन की तरफ से डीसीपी मयंक मिश्रा, एसडीएम नसीब कुमार, एसीपी प्रदीप खत्री, चेयरपर्सन सरोज राठी, बीडीपीओ सुरेंद्र खत्री, रमेश राठी,विनोद सरपंच छुड़ानी, राजेश यादव सरपंच बालौर , प्रवीण सरपंच खरमाण, अशोक सरपंच प्रतिनिधि परनाला, प्रदीप सरपंच प्रतिनिधि सौलधा, नगर परिषद के अधिकारी, खेल विभाग से बिजेंद्र, अजय राठी, सुमन, रितु रानी कोच और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, शहरवासी शामिल रहे।