नए साल से पहले ही वृंदावन की कुंज गलियां श्रद्धालुओं से भर गई हैं। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसर और आसपास की संकरी गलियों में लंबी कतारें और धक्का-मुक्की की स्थिति बनती नजर आ रही है।
बढ़ती भीड़ को देखते हुए बांके बिहारी मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं के लिए एडवाइजरी जारी की है। समिति ने साफ तौर पर अपील की है कि श्रद्धालु 5 जनवरी तक वृंदावन आने से बचें। यह अलर्ट नए साल पर संभावित अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखकर जारी किया गया है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार, 5 जनवरी 2026 तक श्रद्धालुओं की संख्या असामान्य रूप से बढ़ सकती है। इससे ट्रैफिक जाम, अव्यवस्था और सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति सामान्य होने पर ही यात्रा की योजना बनाएं।
प्रशासन ने विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों, दिव्यांगजनों, गर्भवती महिलाओं और हृदय रोगियों से इस अवधि में वृंदावन न आने की अपील की है। अत्यधिक भीड़ और ठंड उनके स्वास्थ्य के लिए जोखिम भरी हो सकती है।
मंदिर के सेवायतों ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि ठाकुर बांके बिहारी जी की कृपा पूरे वर्ष बनी रहती है, इसलिए नए साल के दौरान भीड़ का हिस्सा बनने से बचें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें।
मंदिर प्रशासन ने कहा है कि बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करें। यदि किसी कारणवश आना पड़े, तो किसी भी प्रकार का बैग या कीमती सामान साथ न लाएं। साथ ही मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें।
हर वर्ष नए साल के मौके पर लाखों श्रद्धालु बांके बिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचते हैं। भीड़ इतनी अधिक होती है कि प्रशासन और मंदिर समिति को व्यवस्था संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। इस साल तो नए साल से पहले ही भारी संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया है।
श्रद्धालु सहयोग करें, भीड़ से बचें और सुरक्षित दर्शन के लिए उचित समय का इंतजार करें।