विशेष संवाददाता चिमन लाल
प्रदेश सरकार के निर्णय से कृषि उपभोक्ता होंगे लाभान्वित : डीसी
झज्जर,
हरियाणा सरकार ने किसानों को राहत प्रदान करने हेतु एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। वर्ष 2025 के मानसून के दौरान आई भारी वर्षा एवं बाढ़ से प्रभावित किसानों को राहत देते हुए राज्य सरकार ने कृषि ट्यूबवेल उपभोक्ताओं के जुलाई, 2025 से दिसंबर, 2025 तक के बिजली बिलों का भुगतान छह माह के लिए स्थगित करने की घोषणा की है।
डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि इस निर्णय से कृषि उपभोक्ताओं को सीधा लाभ प्राप्त होगा। यह कदम किसानों को तत्काल आर्थिक राहत प्रदान करेगा ताकि वे अपनी कृषि गतिविधियों को पुनः गति दे सकें। ऊर्जा विभाग के अनुसार जुलाई, 2025 में जारी बिजली बिल जनवरी, 2026 में देय होंगे। इसी प्रकार अगस्त, 2025 के बिल फरवरी, 2026 में और दिसंबर, 2025 के बिल जून, 2026 में देय होंगे। इस अवधि में यूएचबीवीएन एवं डीएचबीवीएन द्वारा किसी भी कृषि ट्यूबवेल उपभोक्ता से विलंब अधिभार नहीं वसूला जाएगा तथा बिजली आपूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी।
डीसी पाटिल ने बताया कि राज्य सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि बिजली निगमों पर पड़ने वाले वित्तीय बोझ को स्वयं सरकार वहन करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय किसानों के हित में अत्यंत संवेदनशील और दूरदर्शी कदम है, जिससे कृषक वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी।