विशेष संवाददाता चिमन लाल
सरकार द्वारा प्रतिबंधित दवाओं को लेकर रहना होगा सतर्क
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने जिला के दवा विक्रेता को बिना प्रिस्क्रिप्शन के ग्राहकों को दवाएं न देने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त लघु सचिवालय के सभागार में जिला के दवा विक्रेताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रशासन और केमिस्ट एक टीम का हिस्सा है और दवाइयां के दुरुपयोग को रोकना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि केमिस्ट ओरिजिनल मेडिकल कार्ड पर ही ग्राहक को दवाई दे और दवा देने से पहले उस पर अपनी मोहर भी लगाए ताकि ग्राहक का रिकॉर्ड रखा जा सके। इसके साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिए की बेची गई दवा का बिल काटना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से केमिस्ट कानूनी रूप से पूरी तरह से सुरक्षित रहेगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि सरकार द्वारा प्रतिबंधित दवाओं का दुरुपयोग होने की आशंका रहती है, जिस पर दवा विक्रेता को विशेष ध्यान देना होगा। इस संबंध में उन्होंने विशेष रूप से मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी किट (एमटीपी) का जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि सिरिंज का भी दुरुपयोग होता है। इस स्थिति में नॉन मेडिकल प्रैक्टिशनर को सिरिंज न दी जाए। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि सभी दवाइयां ऑथराइज्ड डीलर से ही खरीदी जाए और सप्लाई चैन न तोड़े। उन्होंने सभी केमिस्ट शॉप पर सीसीटीवी कैमरा लगवाने के भी निर्देश दिए और कहा कि केमिस्ट शॉप पर काम करने वाले वर्करों को न केवल प्रशिक्षित किया जाए, बल्कि उनकी निगरानी भी रखी जाए। उपायुक्त ने कहा कि जनहित में दवा विक्रेताओं को सकारात्मक दृष्टिकोण से कार्य करना होगा। बैठक में दवा विक्रेताओं ने उपायुक्त के समक्ष दवा बेचने से संबंधित विभिन्न बिंदुओं को रखा। इस बारे उपायुक्त ने कहा कि केमिस्ट की हर समस्या का समाधान किया जाएगा। बैठक में ड्रग्स इंस्पेक्टर मनदीप मान, रोहतक जिला केमिस्ट एसोसिएशन के प्रधान महेंद्र सिंह चावला (रूबी), सतीश कत्याल, महासचिव जोगेंद्र सिंह, संरक्षक अनिल हुड्डा व सुरेंद्र मलिक आदि मौजूद थे।