बीईओ अशोक कादयान 32 वर्ष की सेवा के बाद हुए सेवानिवृत

वरिष्ठ पत्रकार चिमन

बेरी (झज्जर)

खंड बेरी में कार्यरत बीईओ अशोक कादयान शुक्रवार को 32 वर्ष की सेवा के बाद सेवानिवृत हो गए। शुक्रवार को उनकी सेवानिवृत्ति के उपलक्ष्य में बेरी स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एसडीएम रविंद्र मलिक ने अशोक कादयान के सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए स्वस्थ व दीर्घ जीवन की कामना की। उन्होंने बीईओ के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विभागीय दायित्वों को कुशलता पूर्वक निर्वहन किया तथा शिक्षा विभाग में अपनी अहम पहचान बनाई।
उल्लेखनीय है कि अशोक कादयान ने 1993 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बेरी में सामाजिक अध्यापक पद से सरकारी सेवा आरंभ की थी। वर्ष 2008 में उनकी नियुक्ति सीधे तौर पर प्रिंसिपल के पद पर हुई,उन्होंने बिसान, जहाजगढ़ सहित कई स्कूलों में प्राचार्य के पद पर कार्य किया। इसके उपरांत बीईओ पद पर पदोन्नति उपरांत 16 फरवरी 2023 से खंड शिक्षा अधिकारी बेरी के पद पर सेवाएं दे रहे थे। उक्त पदों पर अशोक कादयान का कार्यकाल संतोषजनक रहा है। समारोह में उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने अशोक कादयान को पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया और उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनकी दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इस अवसर पर रिटायर्ड जिला शिक्षा अधिकारी बीपी राणा, बेरी स्कूल प्राचार्या सुनीता गौड़, ढराणा स्कूल प्राचार्य कृष्ण चंद्र शर्मा, जहाजगढ़ गर्ल्स स्कूल से प्राचार्य मनोज भाटिया, शेरिया स्कूल प्राचार्य पवन कादयान, सज्जन सिंह हेडमास्टर, शिक्षक रविंद्र कौशिक, महताब सिंह, रोहतास सिंह, नरेंद्र शर्मा सहित शिक्षा विभाग से जुड़े स्टाफ सदस्य मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *