विशेष संवाददाता चिमन लाल
ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता व सरकारी योजनाओं के लाभों बारे दी जानकारी
रोहतक,
ग्रामीण नागरिकों को वित्तीय प्रणाली की मूलभूत जानकारियों से अवगत कराने तथा सुरक्षित एवं समझदारीपूर्ण तरीक़े से वित्तीय लेन–देन करने के प्रति जागरूक करने हेतु भारतीय रिज़र्व बैंक, चंडीगढ़ कार्यालय द्वारा गांव किशनगढ़, रोहतक में एक फील्ड-स्तरीय वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया, जिसके उपरांत इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन भी किया गया ।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय रिज़र्व बैंक के महाप्रबंधक पंकज सेतिया थे। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को वित्तीय साक्षरता प्रदान करना, सरकारी योजनाओं के लाभों से अवगत कराना और उन्हें बैंकिंग सेवाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे बैंकिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार की वित्तीय धोखाधड़ी से सतर्क रहें। इस अवसर पर क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक के महाप्रबंधक, पंजाब नेशनल बैंक के उप सर्कल प्रमुख, जिले के एलडीएम तथा अन्य बैंकों के अधिकारी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान भारतीय रिज़र्व बैंक, चंडीगढ़ कार्यालय के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सरल और सहज भाषा में कई महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया, जिनमें प्रमुख रूप से साइबर अपराध एवं डिजिटल सुरक्षा, शिकायत निवारण (Grievance Redressal) तंत्र, बजट निर्माण एवं घरेलू वित्त प्रबंधन, बचत का महत्व एवं निवेश विकल्प, डिजिटल भुगतान साधनों का उपयोग, तथा भारतीय बैंक नोटों के सुरक्षा फीचर्स आदि शामिल थे।
इसके अतिरिक्त कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों के प्रश्नों का उत्तर भी विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा दिया गया तथा उन्हें उपयोगी बुकलेट्स एवं जागरूकता सामग्री वितरित की गई। महाप्रबंधक ने सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए कहा कि भारतीय रिज़र्व बैंक ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए सतत रूप से प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।