भारत को गूगल का डिजिटल तोहफा,1.35 लाख करोड़ का निवेश

भारत के भविष्य पर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने एआई को लेकर बड़ी घोषणा की है । राजधानी दिल्ली में आयोजित इंडिया AI इम्पैक्ट समिट में शामिल होने आए सुंदर पिचाई ने कहा कि भारत की तरक्की में एआई की भूमिका काफी अहम होने वाली है और गूगल इस सफर में भारत का भरोसेमंद साझेदार बनने को तैयार है। उन्होंने भारत में 15 अरब डॉलर (करीब 1.35 लाख करोड़ रुपये) के निवेश की योजना का भी जिक्र किया।

सुंदर पिचाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट में कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट में गूगल का संदेश साफ है. उन्होंने कहा कि भारत एआई के मामले में असाधारण राह पर आगे बढ़ने वाला है. इस लक्ष्य में सहयोग के लिए गूगल ने अमेरिका-इंडिया कनेक्ट नामक नई समुद्री केबल रूट्स की शुरुआत की है, जो भारत के इन्फ्रास्ट्रक्चर में हमारे 15 अरब डॉलर के निवेश पर आधारित है।

गूगल के चीफ ने इस परियोजना के तहत विशाखापट्टनम में फुल स्टैक एआई हब तैयार करने का भी जिक्र किया, जो क्षेत्र में तकनीकी इनोवेशन का मुख्य केंद्र बनेगा. इस निवेश से भारत में न सिर्फ इंटरनेट की रफ्तार बढ़ेगी बल्कि डेटा प्रोसेसिंग और एआई डेवलपमेंट को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा सकेगा।

सुंदर पिचाई ने गूगल की तरफ से एक नया एआई सर्टिफिकेट भी शुरू करने की जानकारी दी। यह गूगल डीपमाइंड के साथ साझेदारी में होगा. इसका मकसद साइंस और एजुकेशन में नई खोजों को बढ़ावा देना है. इसके अलावा उन्होंने 70 से ज्यादा भाषाओं में लाइव स्पीच-टू-स्पीच ट्रांसलेशन समेत कई अन्य सुविधाओं की भी घोषणा की।

इस तरफ देखे तो , भारत ने इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बनाया. केंद्रीय आईटी मिनिस्टर अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि भारत ने 24 घंटे के अंदर एआई जिम्मेदारी अभियान के लिए सबसे अधिक संकल्प प्राप्त करने का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. उन्होंने बताया कि भारत ने 16-17 फरवरी के 24 घंटे की अवधि में कुल 2,50,946 वैध संकल्प प्राप्त कर यह रिकॉर्ड अपने नाम किया।

आईटी मंत्रालय ने बताया कि देशव्यापी एआई रिस्पॉन्सिबिलिटी प्लेज (एआई जिम्मेदारी संकल्प) अभियान 16 फरवरी को इंडिया एआई मिशन के तहत इंटेल इंडिया के सहयोग से शुरू किया गया था. इसके तहत लोगों को एआई के नैतिक, समावेशी और जिम्मेदार उपयोग का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया गया।

वैष्णव ने युवाओं को एआई के नैतिक और जिम्मेदार उपयोग के लिए प्रेरित करने के प्रधानमंत्री मोदी को श्रेय दिया और कहा कि प्रधानमंत्री ने प्रेरणा दी कि एआई का इस्तेमाल समाज के हित में किया जाए ताकि यह तकनीक लोगों के जीवन को बेहतर बनाए और जिम्मेदारी से इस्तेमाल हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *