विशेष संवाददाता चिमन लाल
लौह पुरुष की 150वीं जयंती के अवसर पर रन फॉर यूनिटी आयोजित, हजारों प्रतिभागियों ने दिया एकता व अखंडता मजबूत करने का संदेश
रोहतक,
राई की विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने देश की एकता व अखंडता को साकार रूप देने के लिए 565 रियासतों को एक सूत्र में पिरो कर भारत को सशक्त राष्ट्र बनाया। सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अपनी अद्भुत नेतृत्व क्षमता, दृढ़ इच्छा शक्ति और कुशल कूटनीति से सभी रियासतों को भारतीय संघ का हिस्सा बनाया। विधायक कृष्णा गहलावत शुक्रवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर स्थानीय सुभाष चौक पर आयोजित जिला स्तरीय रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना करने से पूर्व उपस्थितगण को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रही थी। एकता दौड़ में हजारों प्रतिभागियों ने शहरवासियों को देश की एकता व अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया। विधायक कृष्णा गहलावत ने पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, पूर्व मंत्री कृष्णमूर्ति हुड्डा, महापौर राम अवतार वाल्मीकि, उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया, अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, पूर्व महापौर मनमोहन गोयल, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, जिला अध्यक्ष रणबीर ढाका, जाट शिक्षण संस्था के पूर्व अध्यक्ष राज सिंह नांदल, राजेश जैन, राजकुमार शर्मा, अनीता बुधवार के साथ रन फॉर यूनिटी में भाग लिया।
कृष्णा गहलावत ने कहा कि भारत रत्न सरदार वल्लभ भाई पटेल न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि एक जन नेता भी थे। उन्हें लौह पुरुष तथा स्वतंत्र भारत के एकीकरण के शिल्पकार के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने 1918 के खेड़ा आंदोलन और 1928 के बारडौली सत्याग्रह में किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। इसके बाद उन्हें महिलाओं ने सरदार की उपाधि दी थी। उन्होंने जीवन भर जातिवाद, ऊंच-नीच और भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया और समाज में समानता एवं एकता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती 31 अक्तूबर हर वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। यह दिवस हमें सरदार वल्लभ भाई पटेल के विचारों पर चलकर देश को और सुदृढ बनाने का संकल्प दोहराने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर हमें अपने गांवों, पंचायतों और समाज में एकता, सद्भाव और विकास की भावना को और प्रबल करने का संकल्प लेना है। हर नागरिक लौह पुरुष के सपने को साकार करने के लिए राष्ट्र के विकास में पूर्ण योगदान दें।
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरदार वल्लभ भाई पटेल के सम्मान में वर्ष 2018 में गुजरात में विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यु ऑफ यूनिटी का निर्माण करवाया गया, जो उनकी अमर विरासत और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भारत आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विजन 2047 की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री के विजन का एक भारत-श्रेष्ठ भारत को साकार करने में हर नागरिक अपनी भूमिका निभायें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा प्रदेश तेजी से डिजिटल, पारदर्शी एवं आत्मनिर्भर राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। सरकार द्वारा पंचायतों को सशक्त बनाया गया है तथा ई-पंचायत प्रणाली से हर गांव को ऑनलाइन सेवा से जोड़ा गया है। ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए डिजिटल लेखा-जोखा व जनभागीदारी पोर्टल लागू किए गए है। हर घर जल योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। प्रदेश में स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के तहत उत्कृष्ट कार्य किया जा रहा है। युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप व कौशल विकास की नई योजनाएं शुरू की गई है। खेलों के क्षेत्र में हरियाणा देश के लिए स्वर्णिम अध्याय लिख रहा है तथा हमारे खिलाड़ी प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे है।
राष्ट्र को एकजुट करने में सरदार पटेल का अमूल्य योगदान : मनीष कुमार ग्रोवर
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि राष्ट्र को एकजुट करने में सरदार वल्लभ भाई पटेल का अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस समाज में एकता के बंधन को और मजबूत बनाने का आह्वान करता है। कार्यक्रम के प्रतिभागियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई। एलपीएस बोसार्ड के प्रबंध निदेशक राजेश जैन ने कार्यक्रम में महिलाओं के ब्रैस्ट कैंसर को लेकर चलाई जा रही निशुल्क मैमोग्राफी बस के बारे में जानकारी दी। डॉ. निताशा दलाल ने कहा कि जागरूकता से ही महिलाओं को ब्रैस्ट कैंसर से बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निर्धारित उम्र के बाद प्रत्येक महिला को मैमोग्राफी करवानी चाहिए। मुख्यातिथि श्रीमती कृष्णा गहलावत व अन्य मेहमानों ने ब्रैस्ट कैंसर जागरूकता अभियान के अंतर्गत चलाई जा रही निशुल्क मैमोग्राफी बस का अवलोकन भी किया और इस प्रयास की सराहना भी की। इस अवसर पर रोहतक के एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत कुमार, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, नगराधीश अंकित कुमार, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र, जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल, जिला शिक्षा अधिकारी मनजीत मलिक, ईश्वर सिंघल, विकास बंसल, अशोक वर्मा, राजेंद्र रावत, मनोज कुमार, डॉ. आरके चौधरी, अर्जुन नरूला, अरूण नरूला, ताशी अग्रवाल, डॉ. निताशा दलाल, डॉ. सुहास कीर्ति, डॉ. शैलेंद्र गोयल, डॉ. चारू गुप्ता आदि मौजूद थे।
जिला स्तरीय समारोह के अलावा सांपला, महम व कलानौर में भी आयोजित किए गए रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम
जिला प्रशासन द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह के अतिरिक्त सांपला, महम व कलानौर में भी रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांपला में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में उपमंडलाधीश उत्सव आनंद ने एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया तथा भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के जीवन के बारे में जानकारी दी। महम में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में भाजपा के प्रत्याशी रहे दीपक निवास हुड्डा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की तथा एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया। कलानौर में आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में भाजपा की प्रत्याशी रही रेनू डाबला ने एकता दौड़ को झंडी दिखाकर रवाना किया तथा उपस्थितगण से देश की एकता व अखंडता को सुदृढ़ करने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया। इन कार्यक्रमों में रोहतक के उपमंडलाधीश आशीष कुमार, महम के उपमंडलाधीश मुकुंद तंवर सहित अन्य पंचायतीराज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधि मौजूद रहे।