मंडियों के प्रबंधन को लेकर डीसी की अध्यक्षता में हुई बैठक

विशेष संवाददाता चिमन लाल

किसानों की सुविधा के लिए मंडियों में स्थापित करें हेल्पडेस्क : उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने आगामी रबी सीजन से पूर्व जिला की सभी मंडियों में किसानों की सुविधा के लिए हेल्पडेस्क स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त आज लघु सचिवालय के सभागार में खरीफ सीजन के समापन को लेकर मंडियों की स्थिति, व्यवस्था व सुविधाओं बारे समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसलिए सभी मंडियों में किसानों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने के साथ-साथ ऑपरेटर्स भी उपलब्ध करवाया जाए। मंडियों में आने वाले किसानों की समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। हेल्प डेस्क के माध्यम से गेट पास, भुगतान व वेरीफिकेशन से संबंधित कार्यों के बारे में पूछताछ कर सकेंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा चूंकि अब खरीफ सीजन समाप्त हो चुका है। इसलिए मंडियों में मरम्मत के कार्यों की सूची व एस्टीमेट तैयार किया जाए ताकि आगामी सीजन से पहले व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त बनाए जा सके। उन्होंने सब्जी मंडी में अटल किसान कैंटीन खोलने के भी निर्देश दिए और कहा कि कैंटीन में खाने की गुणवत्ता को सुनिश्चित किया जाए। उल्लेखनीय है कि रोहतक के अनाज मंडी में पहले ही किसानों के लिए अटल किसान कैंटीन का संचालन किया जा रहा है। इस कैंटीन में 10 रुपये में थाली उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार से अब सब्जी मंडी में भी जल्द ही अटल किसान कैंटीन खोली जाएगी। उन्होंने जिला की मंडियों में खरीदी गई धान कुल मात्रा के बारे में रिपोर्ट प्राप्त की और आवश्यकता से निर्देश जारी किए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिला की मंडियों में 14647 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है और 13317 मीट्रिक टन की लिफ्टिंग भी की जा चुकी है। शेष बची धान की लिफ्टिंग दो-तीन दिन में हो जाएगी। बैठक में जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक वरिंद्र सिंह, रोहतक मंडी सचिव दीपक लोहचब, जिला विपणन प्रवर्तन अधिकारी धर्मराज दांगी, वेयर हाउस डीएम रोहताश दहिया, डीएम हैफेड धर्मेंद्र, सांपला मंडी सचिव सविता सैनी व महम मंडी सचिव दीपक चौधरी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *