महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के विमान हादसे ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। सोशल मीडिया और गूगल पर लोग लगातार एक ही सवाल पूछ रहे हैं- क्या अजित पवार का शव मिल गया है? पुणे के बारामती एयरपोर्ट पर हुए इस भीषण हादसे में विमान जलकर राख हो गया था, जिसके बाद शवों की शिनाख्त करना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया।
बीते बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे जब ‘VSR वेंचर्स’ का लीयरजेट 46 विमान क्रैश हुआ, तो उसमें भीषण आग लग गई थी। चश्मदीदों के मुताबिक, धमाका इतना जोरदार था कि विमान के मलबे दूर-दूर तक बिखर गए। राहत एवं बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अजित पवार सहित सभी 5 मृतकों के पार्थिव शरीर बरामद कर लिए गए हैं। हालांकि, आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शवों की पहचान सामान्य रूप से करना नामुमकिन था।
अजित पवार की पहचान को लेकर जो तथ्य सामने आया है, उसने हर किसी को भावुक कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, घटनास्थल पर बरामद एक शव की पहचान अजित पवार की कलाई पर बंधी हाथ की घड़ी से हुई। अजित पवार की पार्टी NCP का आधिकारिक चुनाव चिह्न भी ‘घड़ी’ ही है। जिस घड़ी के दम पर वे राजनीति के समय को अपनी मुट्ठी में रखते थे, अंत में वही घड़ी उनकी पहचान का एकमात्र सहारा बनी।
हादसे में अजित पवार के अलावा पायलट कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट शांभवी पाठक, फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली और सुरक्षा अधिकारी विदीप जाधव की भी मौत हो गई है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत AAIB इस तकनीकी विफलता की जांच कर रही है। महाराष्ट्र सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है और आज बारामती के विद्या प्रतिष्ठान मैदान में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।