महाराष्ट्र की सभी 29 महानगरपालिकाओं के नतीजों का ऐलान हो चुका है. इन चुनावों में 23 महानगरपालिकाओं में भगवा पार्टी की लहर नजर आई और बीजेपी गठबंधन ने बड़ी जीत दर्ज की. वहीं, चुनाव से पहले ठाकरे ब्रदर्स ने जिस हिसाब से ताल ठोकी थी, वह नतीजों में नजर नहीं आई। इनका हाल इतना ज्यादा खराब रहा कि शिवसेना उद्धव ठाकरे एक भी महानगरपालिका पर कब्जा नहीं जमा सकी।
इसके अलावा कांग्रेस ने लातूर महानगरपालिका में बड़ी जीत दर्ज की है. आइए फुल डिटेल में आपको बताते हैं कि किस महानगरपालिका पर क्या नतीजा रहा? कौन-कहां से जीता और किस पार्टी को कहां मात मिली?
BMC चुनाव 2026 के परिणामों ने महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया. देश की सबसे अमीर और कुल 227 सीटों वाली इस महानगरपालिका में महायुति गठबंधन (BJP, एकनाथ शिंदे शिवसेना) ने ऐतिहासिक जीत हासिल की. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, महायुति ने 112 सीटें अपने नाम कर ली हैं. यहां BJP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, जिसने करीब 90 सीटों पर कब्जा जमाया. वहीं, शिंदे शिवसेना को 22 सीटें मिलीं. इस जीत ने शिवसेना का 30 साल पुराना मुंबई पर एकछत्र राज समाप्त कर दिया. विपक्षी महाविकास आघाड़ी (उद्धव ठाकरे की शिवसेना UBT, MNS गठबंधन और कांग्रेस) को करारा झटका लगा. UBT-MNS गठबंधन को लगभग 71 सीटें और कांग्रेस को 13 सीटें मिलीं. अन्य पार्टियों में AIMIM को 6, MNS को 8 सीटें मिली हैं।
पुणे महानगरपालिका (PMC) चुनाव 2026 के परिणामों ने पवार परिवार के गढ़ में बड़ा उलटफेर किया. कुल 165 सीटों (41 प्रभागों) वाली इस महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भारी जीत हासिल की. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, BJP ने अकेले 90 सीटें अपने नाम कीं. यहां महायुति गठबंधन (BJP + शिंदे शिवसेना) का पूर्ण नियंत्रण रहा. संयुक्त NCP को सिर्फ 20 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस-शिवसेना (UBT) गठबंधन को करीब 10 सीटें मिलीं।
कुल 122 सीटों वाली कल्याण-डोंबिवली महानगरपालिका (KDMC) महानगरपालिका को श्रीकांत शिंदे का गढ़ माना जाता है. यहां एकनाथ शिंदे शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, यहां शिंदे शिवसेना (SS Shinde) को 51 सीटें, भारतीय जनता पार्टी (BJP) को 48 सीटें सीटें मिली हैं. वहीं, उद्धव शिवसेना (SS UBT) को 8 सीटें, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) को 4 सीटें, कांग्रेस को 2 सीटें मिली हैं.
ठाणे नगर निगम
कुल 131 सीटों वाली ठाणे महानगरपालिका (TMC) मुंबई मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा और तेजी से विकसित शहर है. यहां शिंदे शिवसेना सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 39 सीटें अपने नाम कीं. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 24 सीटें, शरद पवार NCP (NCP-SP) ने 5 सीटें , अजित पवार NCP ने 4 सीटें अपने नाम की हैं.
नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC)
नवी मुंबई महानगरपालिका (NMMC) में कुल 111 सीटे हैं. यह मुंबई महानगर क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और CIDCO द्वारा विकसित की गई है. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, यहां बीजेपी ने 72, एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 28, उद्धव ठाकरे शिवसेना (SS UBT) ने 2 सीटें जीती हैं. यहां कांग्रेस और एनसीपी का खाता नहीं खुला.
वसई-विरार नगर निगम (VVMC)
115 सीटों वाली वसई-विरार महानगरपालिका (VVMC) में हितेंद्र ठाकुर के नेतृत्व वाली BVA का दबदबा रहा. अंतिम परिणामों के अनुसार, यहां बहुजन विकास आघाड़ी (BVA) ने 71 सीटों पर जीत दर्ज की तो बीजेपी की झोली में 48 सीटें आईं. इसके अलावा एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde), उद्धव ठाकरे शिवसेना (SS UBT), कांग्रेस, NCP (अजित पवार गुट) और NCP (शरद पवार गुट) एक भी सीट नहीं जीत सके.
पनवेल नगर निगम
पनवेल महानगरपालिका (PMMC) चुनाव 2026 के नतीजों में भी भारतीय जनता पार्टी का दबदबा नजर आया. कुल 78 सीटों वाली यह महानगरपालिका नवी मुंबई-रायगढ़ विकास कॉरिडोर का महत्वपूर्ण हिस्सा है. यहां अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 24 सीटें अपनी झोली में डाली हैं. 2 सीटों पर शिंदे शिवसेना आगे है तो 22 सीटों पर अन्य ने बढ़त बना रखी है.
नागपुर महानगरपालिका (NMC)
नागपुर महानगरपालिका (NMC) चुनाव 2026 के परिणामों ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की मजबूत पकड़ को एक बार फिर साबित किया है. कुल 151 सीटों वाली इस महानगरपालिका में महायुति गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, BJP ने 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त हासिल की है, जबकि कांग्रेस को 33 सीटें मिलीं. वहीं, शिवसेना उद्धव गुट 2 ही सीटें मिल सकीं.
पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (PCMC)
पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका (PCMC) चुनाव 2026 के परिणामों ने अजित पवार के गढ़ में भाजपा की मजबूत पकड़ दिखाई है. औद्योगिक रूप से महत्वपूर्ण कुल 128 सीटों वाली इस महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 84 सीटें अपने नाम कीं. NCP के दोनों गुटों (अजित पवार और शरद पवार) की एकजुटता के बावजूद बड़ा झटका लगा. संयुक्त NCP को 37 सीटें मिलीं, जबकि शिंदे शिवसेना को 7-10 के करीब सीटें ही मिलीं. यहां महाविकास आघाड़ी (कांग्रेस, उद्धव शिवसेना UBT, शरद पवार NCP का हिस्सा) का प्रदर्शन कमजोर रहा.
नासिक महानगरपालिका (NMC)
कुल 122 सीटों वाली नासिक महानगरपालिका (NMC) कुम्भ मेला और धार्मिक-औद्योगिक महत्व के लिए जानी जाती है. यहां बीजेपी ने 71 सीटें अपने नाम की हैं, जबकि शिंदे शिवसेना को 26 सीटें मिलीं. वहीं, महाविकास आघाड़ी (MVA) का प्रदर्शन कमजोर रहा. उद्धव ठाकरे की शिवसेना (UBT) को 15 सीटें, कांग्रेस को 3 सीटें मिली हैं. इस महानगरपालिका में मुख्य मुद्दों जैसे गोदावरी नदी की सफाई, ट्रैफिक, पानी की सप्लाई, स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट और धार्मिक पर्यटन विकास पर महायुति को जनता का समर्थन मिला.
कोल्हापुर महानगरपालिका
कोल्हापुर महानगरपालिका (KMC) चुनाव 2026 के परिणामों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन महायुति गठबंधन ने संयुक्त रूप से बहुमत हासिल किया. कुल 81 सीटों वाली इस महानगरपालिका में कांग्रेस (INC) ने 34 सीटों पर दर्ज की. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 26 सीटें अपनी झोली में डालीं, जबकि एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 15 सीटों पर जीत दर्ज की।
सोलापुर महानगरपालिका
सोलापुर महानगरपालिका (SMC) चुनाव 2026 के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भारी जीत दर्ज की है. कुल 102 सीटों वाली इस महानगरपालिका में महायुति गठबंधन ने स्पष्ट बहुमत हासिल किया। अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 87 सीटें जीतीं. इसके अलावा एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 4, कांग्रेस ने 2 और एनसीपी ने एक सीट पर जीत दर्ज की.
अमरावती महानगरपालिका
अमरावती महानगरपालिका (AMC) चुनाव 2026 के परिणामों ने किसी एक पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं दिया. कुल 87 सीटों वाली इस महानगरपालिका में कड़ी टक्कर देखी गई. अंतिम परिणामों के अनुसार, यहां भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 25 सीटों पर जीत दर्ज की. वहीं, कांग्रेस ने 15 सीटें अपनी झोली में डालीं. इसके अलावा 10 सीटें एनसीपी और 31 सीटें अन्य के खाते में गई हैं.
जालना नगर निगम (JMC)
जालना महानगरपालिका (JMC) चुनाव 2026 के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की तगड़ी जीत दर्ज की. कुल 65 सीटों वाली इस नई महानगरपालिका में पहली बार महानगरपालिका चुनाव हुआ. अंतिम रुझानों और घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 41 सीटें जीतीं तो एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) की झोली में 12 सीटें गईं. इसके अलावा कांग्रेस ने 9 सीटें अपने नाम कीं, जबकि बाकी बड़े दलों का खाता तक नहीं खुला.
मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC)
मीरा-भायंदर महानगरपालिका (MBMC) चुनाव 2026 के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रचंड जीत हासिल की. कुल 95 सीटों वाली इस महानगरपालिका में BJP ने अकेले स्पष्ट बहुमत हासिल किया. अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 67 सीटों पर जीत दर्ज की. इसके अलावा कांग्रेस (INC) ने 13 सीटें, एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 2 सीटें जीतीं.
उल्हासनगर महानगरपालिका (UMC)
उल्हासनगर महानगरपालिका (UMC) चुनाव 2026 के परिणामों में महायुति गठबंधन ने भारी जीत दर्ज की. कुल 78 सीटों वाली इस महानगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और एकनाथ शिंदे शिवसेना ने मिलकर लगभग सभी सीटें जीत लीं. अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, बीजेपी ने 37 और एकनाथ शिंदे शिवसेना ने 36 सीटों पर जीत दर्ज की. यहां कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिली.
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका (BNMC)
भिवंडी-निजामपुर महानगरपालिका (BNMC) चुनाव 2026 के परिणामों में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी, लेकिन किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला. कुल 90 सीटों वाली मुस्लिम बहुल इस महानगरपालिका में हंग असेंबली की स्थिति बनी है. अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, यहां कांग्रेस ने 30 सीटें जीतीं, जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की. इसके अलावा एकनाथ शिंदे शिवसेना को 12 और शरद पवार NCP को भी 12 सीटें मिली हैं.
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका (CSMC, पूर्वी औरंगाबाद)
छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका (CSMC, पूर्वी औरंगाबाद) के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने स्पष्ट जीत दर्ज की है. कुल 115 सीटों वाली इस महानगरपालिका में अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 58 सीटें जीतीं. यहां ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) 33 सीटें जीतकर दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनी. वहीं, एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 12 सीटें, उद्धव ठाकरे शिवसेना (SS UBT) ने 6 सीटें जीतीं।
सांगली-मिरज-कुपवाड महानगरपालिका (SMKMC)
सांगली-मिरज-कुपवाड महानगरपालिका (SMKMC) चुनाव 2026 के परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने एकतरफा जीत दर्ज की. कुल 78 सीटों वाली इस महानगरपालिका में अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 39 सीटें जीतीं. इसके अलावा कांग्रेस (INC) ने 18 सीटें, अजित पवार NCP (NCP-AP) ने 16 सीटें, शरद पवार NCP (NCP-SP) ने 3 सीटें जीतीं. वहीं, शिंदे शिवसेना की झोली में सिर्फ 2 सीटें गईं.
मालेगांव महानगरपालिका (MMC)
मालेगांव महानगरपालिका (MMC) चुनाव 2026 के परिणामों ने महायुति गठबंधन को बड़ा झटका दिया. कुल 84 सीटों वाली इस महानगरपालिका में इस्लाम पार्टी (ISLAM – Indian Secular Largest Assembly of Maharashtra) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, इस्लाम पार्टी ने 35 सीटें जीतीं. वहीं, एआईएमआईएम ने 20 सीटें अपने नाम कीं. इसके अलावा एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 18 सीटें अपनी झोली में डालीं. यहां कांग्रेस 3 तो बीजेपी सिर्फ 2 सीटें जीत सकी.
अहिल्यानगर महानगरपालिका (AMC, पूर्वी अहमदनगर)
कुल 68 सीटों वाली अहिल्यानगर महानगरपालिका (AMC, पूर्वी अहमदनगर) चुनाव 2026 के परिणामों में अजित पवार NCP सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. अंतिम घोषित परिणामों के अनुसार, अजित पवार NCP (NCP-AP) ने 27 सीटें जीतीं तो 25 सीटें भारतीय जनता पार्टी (BJP) की झोली में गईं. इसके अलावा एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) 10 सीटें जीतकर तीसरे नंबर पर रही.
जलगांव महानगरपालिका (JMC)
जलगांव महानगरपालिका (JMC) चुनाव 2026 के परिणामों में बीजेपी ने बड़ी जीत दर्ज की. कुल 75 सीटों वाली इस महानगरपालिका में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी. यहां बीजेपी ने 46 सीटें जीतीं, जबकि एकनाथ शिंदे शिवसेना (SS Shinde) ने 22 सीटों पर जीत दर्ज की. इसके अलावा उद्धव ठाकरे शिवसेना (SS UBT) 5 सीटें, अजित पवार NCP एक सीट जीतने में कामयाब रही.
कुमार सम्भव जैन