विशेष संवाददाता चिमन लाल
रोहतक,
जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की अध्यक्षा नीरजा कुलवंत कलसन व प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान के मार्गदर्शन में श्रमिक सुरक्षा अभियान की श्रृंखला के अंतर्गत संत रविदास मंदिर के नजदीक वार्ड नंबर 10 कलानौर में विशेष रूप से महिला श्रमिकों के लिए कानूनी जागरूकता एवं साक्षरता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिला श्रमिकों को उनके अधिकारों, विधिक संरक्षण, कार्यस्थल पर सुरक्षा, महिला कल्याण योजनाओं तथा उपलब्ध नि:शुल्क विधिक सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी प्रदान करना रहा। इस कार्यक्रम में अभियान के नोडल अधिकारी डिप्टी चीफ डिफेंस काउंसल राजबीर कश्यप ने महिला श्रमिकों को विभिन्न श्रम कानूनों, घरेलू एवं कार्यस्थल पर उत्पीड़न से सुरक्षा, शिकायत निवारण तंत्र, तथा जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित महिला श्रमिकों को पैंफलेट, हेल्पलाइन नंबर एवं जागरूकता सामग्री भी वितरित की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य महिला श्रमिकों में आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें उपलब्ध कानूनी सहायता से जोड़ना रहा। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण रोहतक सदैव जनहितकारी कार्यक्रमों का आयोजन कर आमजन को कानूनी जागरूकता एवं सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अधिवक्ता साहिल पीएलवी व काफी संख्या में महिलाएं उपस्थित रही।