विशेष संवाददाता चिमन लाल
24 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित होगा मुख्य मेला, श्रद्धालुओं को निर्बाध रूप से होंगे देवी दर्शन : एसडीएम
बेरी( झज्जर),
धर्म नगरी बेरी के मां भीमेश्वरी देवी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेला 2026 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारी आरंभ हो चुकी है। डीसी स्वप्निल रविन्द्र पाटिल के मार्गदर्शन में नवरात्र मेला के दौरान बेरी में उमडऩे वाले श्रद्धालुओं के लिए सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान की जाएगी। एसडीएम एवं माता भीमेश्वरी देवी श्राइन बोर्ड की सीईओ रेणुका नांदल ने गुरुवार को मिनी सचिवालय में चैत्र नवरात्र मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके उपरांत एसडीएम ने अधिकारियों के साथ मन्दिर परिसर का जायजा लेते हुए जरूरी निर्देश भी दिये। उन्होंने कहा कि देवी मेला के दौरान बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को सभी जरूरी सुविधाएं प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एसडीएम ने बैठक में कहा कि इस बार 19 मार्च से चैत्र नवरात्र प्रारंभ होंगे तथा 24 से 26 मार्च को मुख्य मेला होने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु मेले में उमडऩे का अनुमान है।
एसडीएम रेणुका नांदल ने मेला परिसर का जायजा लेते हुए मेले में रिकवरी वैन, हेल्थ सेंटर, फायर ब्रिगेड, वाटर टैंकर, स्वच्छता, रेडक्रास वालंटियर, चढ़ावे व प्रसाद की व्यवस्था, पार्किंग सुविधा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मेला परिसर में जरूरत अनुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए, साथ ही नपा अधिकारियों को मंदिर के साथ लगते तालाब की साफ सफाई कराने और मेला परिसर को साफ सुथरा बनाने के निर्देश दिए। इस बीच सीईओ रेणुका नांदल में मन्दिर पुजारी कुलदीप वशिष्ठ से भी जानकारी ली।
एसडीएम ने मेला परिसर में ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों के पहचान पत्र, पार्किंग, सुरक्षा, पीने के पानी, रात्रि के समय रोशनी के इंतजाम, स्वास्थ्य सुविधाएं, अस्थाई शौचालय, सीसीटीवी, माइक सर्विस, अग्निशमन सेवाएं आदि इंतजामों पर विस्तार से चर्चा करते हुए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला स्थल पर डॉक्टरों की टीम भी मौजूद रहे तथा सीपीआर सिस्टम के साथ रेडक्रॉस विभाग से वॉलिंटियर की टीम भी मेला स्थल पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि व्यवस्था करते समय यह ध्यान रखा जाए कि धर्मनगरी बेरी के मेले में पहुंचने वाले किसी भी श्रद्धालु माता के दर्शन करने व आवागमन में कोई भी परेशानी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेला के दौरान लगने वाले भंडारों में डस्टबिन अनिवार्य होना चाहिए, बगैर डस्टबिन के चालान किया जाना सुनिश्चित होगा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को मंदिर परिसर में नवरात्र से ही मेडिकल यूनिट स्थापित करने के निर्देश दिए।
एसडीएम ने कहा कि इस बार देवी मेला के साथ ही दूबलधन चौक के समीप 24 से 26 मार्च तक अश्व मेला आयोजित किया जाएगा, जिसके लिए अभी से तैयारी पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अश्व मेला को लेकर भी सम्बंधित विभागों के अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। इस अवसर पर बीडीपीओ राजाराम,एसएमओ डॉ सुभाष चन्द्र, नगरपालिका सचिव पूजा साहू, रोडवेज से टीएम प्रमोद कुमार, एआईपीआरओ डॉ अश्विनी शर्मा, बीएओ डॉ अशोक रोहिल्ला, जनस्वास्थ्य विभाग से एसडीओ वीरेन्द्र सिंह व जेई प्रवीण कुमार, बिजली निगम के एसडीओ सुनील कुमात, नपा के कनिष्ठ अभियंता रोहित लोहचब,पशुपालन विभाग के एसडीओ डॉ ऋषिपाल , एसबीआई से अजय कुमार, बीईओ रोहतास दहिया, पीडब्लूडी विभाग से एसडीओ अजय कुमार व संजीव कुमार, सब फायर ऑफिसर सचिन कुमार, चौकी इंचार्ज सुनील कुमार, सूचना सहायक अनिल शर्मा सहित सम्बंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।