मुंगेशपुर ड्रेन के किनारों को मजबूत करने में जुटी सेना

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बहादुरगढ़ में जल भराव पीड़ितों के लिए राहत शिविर शुरू

बहादुरगढ़,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि मुंगेशपुर ड्रेन के किनारों की मजबूती कार्य में सेना की टीम जुटी हुई है। ड्रेन का कटाव रोक दिया गया है। एसडीआरएफ और विभागीय टीम सेना की मदद कर रही हैं। अब दोनों किनारों को मजबूत किया जा रहा है , ताकि भविष्य में ड्रेन ना टूटे। ड्रेन नंबर आठ के किनारों को भी सिंचाई विभाग की टीम द्वारा मजबूत किया जा रहा है। पूरा प्रशासन और सभी विभाग जल भराव की समस्या के निदान में दिन रात एक किए हुए हैं। डीसी ने कहा कि सरकार की ओर से जल निकासी के सभी संभव उपाय करने के आदेश हैं। उन्होंने बताया कि बहादुरगढ़ में रिहायशी क्षेत्र में जल भराव हुआ है। किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन ने राहत शिविर की व्यवस्था कर दी है। जो भी पीड़ित परिवार है, वह राहत शिविर से मदद ले सकता है।
डीसी ने बताया कि जिला भर में हुई भारी बरसात के कारण लगभग 15 हजार एकड़ कृषि भूमि में जल भराव की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। जिस भी किसान की जल भराव से फसल खराब हुई है , वह किसान क्षति पूर्ति पोर्टल पर अपनी फसल खराबे की रिपोर्ट दर्ज करवाएं। पोर्टल 15 सितंबर तक खोला गया है। सरकार की ओर से फसल खराबे का राहत मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई गांवों के बाहरी क्षेत्रों में भी जल भराव की रिपोर्ट है। प्रशासन जल निकासी के सभी संभव उपाय कर रहा है। प्रशासन की प्राथमिकता है कि रिहायशी क्षेत्रों से तत्काल जल निकासी हो। अधिकारियों को यह निर्देश दिए हुए हैं।
डीसी ने एक बार फिर आह्वान किया कि जिलावासी पैनिक न हो, सरकार और प्रशासन आपके साथ है। जिला प्रशासन ने हेल्प लाइन नंबर जारी किया हुआ है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम के जिला प्रशासन के हेल्पलाइन नंबर 01251-254270 व सिंचाई विभाग के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के नंबर 01251-481707 पर सूचित करें और अफवाहों पर ध्यान न देकर केवल प्रशासन की आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें।
हिसार से सेना की 22 मेक इंफेंट्री की 234 इंजीनियरिंग की टीम कर्नल गौरव सिंधवानी, कर्नल तपन सांगवान, ले कर्नल वाई एस सलाथिया, मेजर लिम्से क्षितिज दीपक और कैप्टन जगजीत की अगुवाई में कार्य में जुटी हुई हैं। कर्नल गौरव और तपन ने कहा कि सेना जिला प्रशासन की मदद के लिए मुंगेशपुर ड्रेन को ठीक करने आई है। इसको जल्द ही बिल्कुल दुरस्त कर दिया जाएगा। किनारों को मजबूत किया जाएगा। डीसी ने बताया कि एसडीएम बहादुरगढ़ नसीब कुमार सेना के साथ मौके पर लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। नप के कार्यकारी अधिकारी अरुण नांदल, सिंचाई विभाग कार्यकारी अभियंता ईशान सिवाच सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे रोड पर अग्रसेन धर्मशाला में राहत शिविर की व्यवस्था की गई है । आवश्यकता के अनुसार और भी व्यवस्था कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *