मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार को उस वक्त सनसनी फैल गई जब पूर्व ब्लॉक प्रमुख और माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी बताए जाने वाले शोएब उर्फ बॉबी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास उस समय हुई, जब शोएब लखनऊ से वापस अपने घर लौट रहे थे। अचानक हुई इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने शोएब की कार को घेर लिया और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने ताबड़तोड़ करीब 10 राउंड गोलियां चलाईं। गोलियों की आवाज से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

गंभीर रूप से घायल शोएब को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से बाराबंकी में सनसनी का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी संभावित एंगल पर जांच की बात कह रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

हाईवे पर दिनदहाड़े फिल्मी अंदाज में हुई इस हत्या ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *