विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
मोबाइल फोन व मोटर चोरी के मामले में पुलिस ने गहनता से कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले की जानकारी देते हुए थाना बेरी के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गांव दुबलधन निवासी सुमित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 11 जनवरी 2026 को वह अपने प्लॉट पर गया, जहां से उसका एक मोबाइल फोन और पानी की मोटर चोरी मिली। इसके बाद जब वह चारा लेने के लिए खेत में गया तो वहां से भी ट्यूबवेल की मोटर चोरी पाई गई। शिकायत के आधार पर थाना बेरी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की जांच के दौरान थाना बेरी में तैनात सिपाही देवेंद्र के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए गांव के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान यशवीर, आशीष और परमजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की और उन्हें अदालत झज्जर में पेश किया। माननीय अदालत के आदेशानुसार आरोपी यशवीर को पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि अन्य दो आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।