यातायात नियमों की अनदेखी पर यातायात पुलिस झज्जर की सख्ती

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बीते माह 6740 चालान,नियमों के पालन से ही सुरक्षित शहर का निर्माण संभव

झज्जर

पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह के कुशल नेतृत्व में शहर में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते माह यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 6740 वाहन चालकों के चालान काटे गए, जिनसे लगभग 19 लाख 97 हजार 600 रुपये का जुर्माना किया गया। इसके अतिरिक्त 46 वाहनों को इंपाउंड भी किया गया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रकार के उल्लंघनों पर चालान किए गए, जिनमें लेन बदलने के नियमों का उल्लंघन करने पर 219, ब्लैक फिल्म लगे वाहनों पर 150, पॉल्यूशन संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 291, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 736, बिना नंबर प्लेट के 237, बिना अनुमति लाल-नीली लाइट के दुरुपयोग पर 167, खतरनाक यू-टर्न पर 162, बिना सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर 156 तथा मोबाइल फोन पर बात करते हुए वाहन चलाने पर 13 चालान शामिल हैं। यह अभियान केवल दंडात्मक नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। नियमों की अनदेखी न केवल चालक के लिए, बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। पुलिस कमिश्नर डॉ राजश्री सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकना हम सभी की साझा जिम्मेदारी हैं। एक छोटी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां छीन सकती है। सभी नागरिकों से अपील है कि यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। नियमों का सम्मान ही जीवन का संरक्षण है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *