विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर
रिश्तेदारी की आड़ में रची गई एक साजिश का पर्दाफाश करते हुए सीआईए झज्जर की पुलिस टीम ने छात्र यशु की हत्या के मामले का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मामले का खुलासा तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूत्रों की मदद से किया गया, जिससे पूरे घटनाक्रम की परतें खुलकर सामने आईं। मृतक की मां बबीता निवासी सिलानी ने बताया कि उनका छोटा बेटा यशु 29 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 9 बजे कॉलेज में पेपर देने के लिए घर से निकला था। सुबह करीब 10:45 बजे उसने फोन कर बताया कि उसे एनसीसी क्लास लेनी है और वह तीन-चार बजे तक घर पहुंच जाएगा। लेकिन शाम करीब 5 बजे जब परिवार ने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला, जिससे परिवार को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों की शिकायत पर थाना सदर झज्जर में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया, जिसे बाद में आपराधिक केस में तब्दील कर दिया गया। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह के नेतृत्व में सीआईए झज्जर की टीम ने जांच शुरू की। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए झज्जर प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर ने बताया कि सीआईए झज्जर में तैनात उप निरीक्षक संयम की पुलिस टीम ने जांच के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो मृतक का रिश्तेदार है और उसकी गतिविधियों की पूरी जानकारी रखता था। उसे पता था कि यशु नेहरू कॉलेज में पेपर देने आएगा। आरोपी, जो स्कूल बाघपुर में टीचर है, उसे बहाने से अपने साथ ले गया।पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी ने पहले उसे नींद की ज्यादा मात्रा में गोलियां देकर स्कूल के एक कमरे में बंद रखा। इसके बाद 5 जनवरी 2026 को पजामे के नाड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को छिपाने के उद्देश्य से आरोपी ने शव को ठिकाने लगाने के लिए आईएमटी रोहतक के सुनसान इलाके में पहले से गड्ढा खोद रखा था, जहां शव को दफना दिया गया। पुलिस टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को बरामद कर अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान इंदरसेन निवासी बिगोवा, चरखी दादरी हाल रोहतक के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे अदालत झज्जर में पेश किया गया। माननीय अदालत के आदेश अनुसार आरोपी को पूछताछ के लिए 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। वारदात में प्रयोग वेगनर कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। मामले में आगे की गहन जांच जारी है और अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।