राजधानी दिल्ली हाई अलर्ट पर।

भारत पाकिस्तान के बीच जंग को देखते हुए दिल्ली में हाइ अलर्ट जारी कर दिया है।तैयारियों के तौर पर संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त अर्धसैनिक बलों को तैनात किया गया है। जबकि दिल्ली पुलिस ने बाजारों, मॉल, होटलों, मेट्रो स्टेशनों, आवासीय कॉलोनियों और एयरपोर्ट्स पर अपनी सिक्योरिटी और बढ़ा दी है। दिल्ली पुलिस ने कहा है कि घबराने की कोई बात नहीं है।

दिल्ली सरकार ने भी सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। दिल्ली में इंडिया गेट, लाल किला, कुतुब मीनार, लोटस टेम्पल, हुमायूं का मकबरा, अक्षरधाम मंदिर जैसे संवेदनशील और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी है। 8 मई की रात पाकिस्तान के हमलों की कोशिश के दौरान इंडिया गेट सुरक्षा को लेकर खाली भी कराए गए थे। लेकिन आज 09 मई को अधिकारिक तौर पर इसके बंद होने की जानकारी नहीं दी गई है। दिल्ली के किसी भी बाजार, ऐतिहासिक स्थलों या सार्वजनिक जगहों को फिलहाल बंद करने के आदेश नहीं दिए गए हैं। ऐसे में आइए जानें स्कूल, कॉलेज, एयरपोर्ट, फ्लाइट, ट्रेन को लेकर क्या एडवाइजरी है।

दिल्ली में अभी तक सरकार की ओर से स्कूलों और कॉलेज को बंद होने पर कोई अपडेट नहीं आया है। आधिकारिक आदेश जारी होने तक सरकारी कॉलेज और स्कूल खुले रहेंगे। दिल्ली के सभी सरकारी स्कूल आज 09 मई को खुले हैं। ज्यादातर प्राइवेट स्कूल भी खुले हुए हैं।

हालांकि दिल्ली के कुछ प्राइवेट स्कूलों ने भारत-पाक तनाव को देखते हुए स्कूलों को बंद करने या फिर ऑनलाइन क्लास कराने का फैसला लिया है। दिल्ली पब्लिक स्कूल ने आर.के.पुरम, ईस्ट ऑफ कैलाश और वसंत विहार में अपनी शाखाओं के लिए 9 मई को छुट्टी की घोषणा की है।

सूत्रों के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में सरकारी स्कूल बंद करने के आदेश इसलिए नहीं जारी किए गए हैं क्योंकि 11 मई से गर्मी की छुट्टियों के लिए स्कूल पहले से ही बंद होने वाले हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद दिल्ली का इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुक्रवार 09 मई को खुला है। हालांकि कुछ फ्लाइट कैंसिल की गई हैं। कहा गया है कि हवाई क्षेत्र में बदलाव और सख्त सुरक्षा उपायों के कारण कुछ उड़ानें देरी से या रद्द हुईं। एयरपोर्ट की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि यात्री करने से पहले अपने एयरलाइंस से संपर्क करें। फिलहाल दिल्ली एयरपोर्ट को बंद नहीं किया गया है।

भारत में एयरपोर्ट बंद होने के दावों को खारिज करते हुए दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने सोशल मीडिया पोस्ट एक्स कहा, ”दिल्ली एयरपोर्ट पर परिचालन सामान्य बना हुआ है। हवाई क्षेत्र की बदलती परिस्थितियों और कड़ी सुरक्षा के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हुई हैं। कृपया लेटेस्ट अपडेट के लिए अपनी एयरलाइंस से संपर्क करें।”

एयरपोर्ट अधिकारियों ने सभी से केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने को कहा। DIAL ने लिखा, “हम किसी भी असुविधा को कम करने के लिए सभी हितधारकों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं।” किसी भी असुविधा से बचने के लिए, एयर इंडिया और अकासा एयर सहित देशभर की एयरलाइनों ने यात्रियों को बढ़ी हुई सुरक्षा के कारण प्रस्थान से कम से कम तीन घंटे पहले हवाई अड्डों पर पहुंचने की सलाह दी है।

दिल्ली मेट्रो के अधिकारिक एक्स हैंडल दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने दिल्ली मेट्रो के बंद होने को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *