राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में 7 नवंबर को आयोजित होंगे भव्य समारोह : उपायुक्त सचिन गुप्ता

विशेष संवाददाता चिमन लाल

वंदे मातरम कार्यक्रम में सामूहिक गायन के अलावा प्रधानमंत्री का लाइव भाषण सुनाया जाएगा

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे 7 नवंबर को राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित किए जाने वाले भव्य समारोह से संबंधित तैयारियां पूर्ण करें। जिला में स्थित सभी कार्यालयों, शिक्षण संस्थाओं, आंगनवाड़ी केंद्रों, खेल विभाग, पुलिस विभाग के कार्यालयों में राष्ट्रीय गीत के कार्यक्रम का आयोजन करवाना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर सुबह 10 बजे वंदे मातरम का सामूहिक गायन होगा तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम से लाइव जुडक़र अपना संदेश देंगे। सचिन गुप्ता स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में समाधान शिविर के दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे रहे थे। उन्होंने कहा कि इस समारोह के लिए अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम को इस कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी के लिए नोडल अधिकारी के साथ तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में जिला में जिला स्तरीय एवं नगर निगम/पालिका स्तर पर समारोह आयोजित किए जायेंगे।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा कि जिला स्तरीय समारोह का आयोजन महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय स्थित टैगोर सभागार में सुबह 10 बजे किया जाएगा, जिसमें राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्यातिथि तथा पूर्व मंत्री मनीष कुमार विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा जिला में तीन अन्य स्थानों पर समारोह आयोजित किये जायेंगे। सांपला के कार्यक्रम में जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, महम के कार्यक्रम में भाजपा के प्रत्याशी रहे दीपक निवास हुड्डा तथा कलानौर में भाजपा की प्रत्याशी रही पूर्व मेयर रेनू डाबला बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगी।
उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि 7 नवंबर को सुबह 10 बजे अपने कार्यालयों, संस्थानों, आंगनवाडी केंद्रों, ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का सामूहिक गायन तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लाइव भाषण को सुनाने के लिए सभी प्रबंध किए जाये तथा इन कार्यक्रमों के फोटो भी जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय द्वारा बनाये गए व्हाट्सएप ग्रुप वंदे मातरम समारोह रोहतक में शेयर करें। यह फोटो वंदे मातरम वेबसाइट पर अपलोड की जायेंगी। उन्होंने कहा कि विकास एवं पंचायत विभाग द्वारा सभी ग्राम पंचायतों की चौपालों में यह कार्यक्रम आयोजित करवाया जाए। उन्होंने एलडीएम को निर्देश दिए कि वे सभी बैंकों की शाखाओं में भी यह कार्यक्रम आयोजित करवाये। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त एवं जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेंद्र कुमार, महम के उपमंडलाधीश मुकुंद तंवर, नगराधीश अंकित कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, डीएसपी दलीप सिंह, डीएमसी जितेंद्र सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *