रोजगार विभाग हरियाणा द्वारा 2 से 6 फरवरी तक किया जाएगा व्यावसायिक सप्ताह का आयोजन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

युवा व्यावसायिक सप्ताह का उठाये लाभ

रोहतक

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि प्रदेश के सभी रोजगार कार्यालयों तथा विश्वविद्यालय रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन केन्द्रों में 2 फरवरी से 6 फरवरी 2026 तक व्यावसायिक सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं को व्यावसायिक मार्गदर्शन, रोजगार के विभिन्न अवसरों, स्वरोजगार से संबंधित योजनाओं तथा रोजगारपरक कोर्सों की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से राज्य भर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक स्थित विश्वविद्यालय रोजगार सूचना एवं मार्गदर्शन केन्द्र में भी करियर वार्तालाप, ग्रुप मार्गदर्शन एवं अन्य परामर्श संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों को करियर चयन, कौशल विकास एवं रोजगार/स्वरोजगार के अवसरों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। इन आयोजनों में पूर्व विद्यार्थी, वर्तमान विद्यार्थी, अभिभावक सहित कोई भी इच्छुक व्यक्ति रोजगार एवं स्वरोजगार से संबंधित जानकारी तथा व्यावसायिक मार्गदर्शन प्राप्त करने के लिए भाग ले सकता है। सभी कार्यक्रमों में भागीदारी पूर्णत: नि:शुल्क रहेगी। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस व्यावसायिक सप्ताह में भाग लेकर उपलब्ध मार्गदर्शन एवं अवसरों का लाभ उठायें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *