विशेष संवाददाता चिमन लाल
गांव स्तर पर समस्याओं का हल करने का सशक्त माध्यम प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम : उपायुक्त सचिन गुप्ता
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कहा है कि प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम ग्रामीणों की उनके घर द्वार पर ही समस्याओं को समाधान करने का एक सशक्त माध्यम है। प्रशासन द्वारा आयोजित प्रशासन आपके गांव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से सीधा संवाद कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से न केवल समस्याओं का मौके पर समाधान होता है, बल्कि प्रशासन और ग्रामीणों के बीच विश्वास को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम के तहत जन शिकायतों का निवारण मौके पर ही करने का प्रयास किया जाता है। इसके अलावा जमीनी स्तर पर सेवाओं की उपलब्धता एवं वितरण में सुधार करने और सुशासन को बढ़ावा देना इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। कार्यक्रम के तहत अधिकारी गांवों में जाकर लोगों की समस्याओं को सुनते और उनका समाधान करते हैं। साथ ही सरकारी योजनाओं व सुविधाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाता हैं। स्वच्छता के क्षेत्र में रोहतक ब्लॉक में सबसे अच्छा कार्य करने पर उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कार्यक्रम में ग्राम पंचायत को सम्मानित भी किया।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने गांव बहु जमालपुर में स्थापित किए गए ठोस कचरा प्रबंधन शेड का निरीक्षण भी किया। इस शैड में श्रमदान के माध्यम से एकत्रित की गई प्लास्टिक को लाया जाता है। शेड में वर्मिंग कम पोस्ट भी बनाई जाती है। यहां पर बनाई गई केंचुआ खाद को गांव के ही हर्बल पार्क के पौधों में डाला जाता है। उपायुक्त ने हर्बल पार्क का भी निरीक्षण किया। उपायुक्त ने गांव की सक्षम आंगनबाड़ी का भी निरीक्षण किया और अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार की सराहना भी की। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने कार्यक्रम में हॉकी की अंडर-14 टीम जो राज्य में प्रथम स्थान पर रही है, के खिलाडिय़ों को भी सम्मानित किया। उन्होंने प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संदेश देते हुए जूट के बैग भी वितरित किए। कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई स्टालों का निरीक्षण भी किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने कहा कि प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों की ऐसी सभी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है, जिनका मौके पर निपटान संभव है। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय पर न जाना पड़े। इसके साथ ही उन्होंने विभागाध्यक्षों को भी निर्देश दिए की जो समस्याएं तुरंत हल हो सकती है उनका तुरंत निपटान करें। शेष समस्याओं का समाधान करने के लिए तुरंत प्रक्रिया शुरू करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य इस कार्यक्रम को सार्थक बनाना है। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से सभी पात्र लोगों को सहायक उपकरण भी वितरित किए गए। इस अवसर पर रेडक्रॉस समिति के सचिव रवि, स्वच्छता मिशन से मंजू ग्रेवाल, गांव के सरपंच संजय बल्हारा, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रोहताश, पार्षद सुमन देवी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी व ग्रामीण मौजूद रहे।