‘वंदे मातरम् पर ऑनलाइन क्विज़ 11 नवंबर तक

विशेष संवाददाता चिमन लाल

देशभक्ति व इतिहास से जुड़ने का अवसर, प्रतिभागियों को मिलेगा भागीदारी प्रमाणपत्र

झज्जर,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि ‘वंदे मातरम्’ गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक विशेष ऑनलाइन क्विज़ का आयोजन किया जा रहा है। इस क्विज का उद्देश्य राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के इतिहास, भावार्थ और स्वतंत्रता संग्राम में उसके महत्व से नागरिकों को अवगत कराना है। क्विज़ के माध्यम से प्रतिभागियों में देशभक्ति, एकता और मातृभूमि के प्रति सम्मान की भावना को प्रोत्साहन दिया जाएगा। रोचक प्रश्नों के जरिये प्रतिभागियों को ‘वंदे मातरम्’ के सांस्कृतिक व राष्ट्रीय महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर है।
यह क्विज़ 11 नवंबर 2025 तक ऑनलाइन मोड में आयोजित होगी। इच्छुक नागरिक माई भारत पोर्टल (https://mybharat.gov.in/quiz) के जरिये इसमें हिस्सा ले सकते हैं। इसमें भारत के सभी नागरिक 10 से 100 वर्ष की आयु तक भाग ले सकते हैं। क्विज़ केवल अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध होगी तथा प्रत्येक प्रतिभागी को केवल एक बार भाग लेने की अनुमति होगी। क्विज़ में कुल 20 प्रश्न होंगे, जिन्हें हल करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय मिलेगा। पूर्णांक 20 है और पास होने के लिए कम से कम 10 अंक प्राप्त करना आवश्यक है। प्रतिभागियों को उनके प्रदर्शन के आधार पर भागीदारी प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। प्रतिभागी क्विज़ पूरा करने के बाद अपने उत्तरों का ओवरव्यू (समरी) भी देख सकेंगे। यह पहल युवाओं व नागरिकों को ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदेश से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और राष्ट्रप्रेम को सशक्त करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *