विशेष संवाददाता चिमन लाल
वेबसाइट पर वंदे मातरम गाते हुए वीडियो साझा करें, सर्टिफिकेट पाएं
झज्जर,
डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बताया कि देशभर में वंदे मातरम् के 150वें वर्ष को विशेष और यादगार बनाने के लिए संस्कृति मंत्रालय द्वारा ‘अपना वंदे मातरम् वीडियो रिकॉर्ड करें’ नामक राष्ट्रव्यापी पहल शुरू की गई है। इस अभियान के तहत नागरिकों को वंदे मातरम गीत गाकर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर साझा करने का अवसर दिया गया है, ताकि देशभक्ति की भावना जन-जन तक पहुंच सके।
उन्होंने बताया कि इसके लिए मंत्रालय ने एक विशेष वेबसाइट https://vandemataram150.in/ लॉन्च की है। इस पोर्टल पर नागरिकों और संस्थानों के लिए अनेक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें आधिकारिक ब्रांडिंग सामग्री (होर्डिंग, बैनर, वेब क्रिएटिव), लघु फिल्में व प्रदर्शनी, समूह गायन हेतु संगीत व बोल सहित पूरा गीत। इसके अतिरिक्त, “संगीत की धुन के साथ वंदे मातरम् का गायन” आदि सुविधा के माध्यम से कोई भी व्यक्ति पोर्टल पर अपना संस्करण रिकॉर्ड कर अपलोड कर सकता है। उपायुक्त ने सभी नागरिकों, संस्थाओं एवं संगठनों से इस देशव्यापी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि सामूहिक रूप से हम अपनी मातृभूमि के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त बना सकें। यह अभियान न केवल ऐतिहासिक धरोहर को सम्मान देने का प्रयास है, बल्कि जनभागीदारी के माध्यम से देश की एकता, संस्कृति और गौरव को भी अभिव्यक्त करता है।