राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज में एक होटल के बाहर नशे की हालत में तुर्कमेनिस्तान के एक नागरिक ने चाकू से खुद को घायल कर लिया जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना ‘व्हाइट ग्लो होटल’ के बाहर हुई, जहां जेहुन नाम का व्यक्ति इस साल 20 जनवरी से 10 फरवरी के बीच रुका था।
पुलिस के मुताबिक, जेहुन 11 फरवरी को नशे की हालत में होटल लौटा और उसने पैसे न होने का दावा करते हुए ठहरने के लिए व्यवस्था करने की मांग की।
होटल के कर्मचारियों ने उसे बताया कि कोई कमरा उपलब्ध नहीं है। इसके बाद वह उत्तेजित हो गया और उसने अपने पास मौजूद चाकू से अपने गले पर चोटें पहुंचाईं।
होटल प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया, लेकिन जब तक वे मौके पर पहुंचे तब तक जेहुन का काफी खून बह चुका था।
जेहुन को तुरंत लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज (एलएचएमसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे आपात चिकित्सा के लिए भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि चिकित्सकीय जांच से पुष्टि हुई है कि घटना के समय जेहुन अत्यधिक नशे में था।
PTI भाषा