विशेष संवाददाता चिमन लाल
जिले में सरकारी दफ्तरों व शिक्षण संस्थाओं में आयोजित हुए कार्यक्रम
झज्जर,
संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया गया। इस अवसर पर लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस रूम में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता सीईओ (जिला परिषद) मनीष फोगाट ने की व उनके साथ सीटीएम नमिता कुमारी भी मौजूद रही। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों ने देशभक्ति की भावना के साथ संविधान की मूल भावना और उसकी प्रासंगिकता का महत्व समझते हुए सामूहिक तौर पर संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस अवसर पर संविधान निर्माण प्रक्रिया से जुड़ी एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। सीईओ मनीष फोगाट ने कहा कि संविधान दिवस के अवसर पर संविधान प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन पूरे जिले मेंरे उत्साह से किया गया। उन्होंने कहा कि संविधान हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव है और इसका सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है। प्रस्तावना का वाचन हमें संविधान के उद्देश्यों और आदर्शों की याद दिलाता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे संविधान के मूल्यों के प्रति केवल अपने कार्यस्थल पर बल्कि समाज में भी प्रचारित करें।
सीटीएम नमिता कुमारी ने कहा कि विविधताओं से भरे देश में भारतीय संविधान ने सभी को बराबरी से विकास करने के अवसर प्रदान किए हैं। संविधान की प्रस्तावना को आत्मसात करते हुए देश में सभी वर्ग आगे बढ़ते हुए देश के विकास में अपना योगदान दे रहे हैं। जिला मुख्यालय के साथ-साथ उपमंडल बहादुरगढ़, बेरी व बादली के लघु सचिवालयों, जिले के सभी सरकारी विभागों, महाविद्यालयों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं में भी संविधान प्रस्तावना वाचन कार्यक्रम का आयोजन हुआ। हर स्थान पर कर्मचारियों, छात्रों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करते हुए संविधान के मूल्यों को आत्मार्पित किया।