विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
सड़क सुरक्षा को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल के दिशा-निर्देशन में लघु सचिवालय स्थित सभागार में संबंधित विभागों की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में धुंध के चलते सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।उपायुक्त के दिशा-निर्देशन में एडीसी जगनिवास ने मीटिंग को आगे बढ़ाया और सड़क सुरक्षा से जुड़े एजेंडों पर चर्चा करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि प्रमुख सड़कों पर रिफ्लेक्टर, चेतावनी लाइट, सफेद लाइन मार्किंग एवं अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटवाया जाए तथा सरकारी व निजी बसें केवल निर्धारित स्थानों पर ही रोकी जाएं।
एडीसी ने जिले की सड़कों से गड्ढों को भरवाने, अवैध कटों को बंद करवाने तथा ब्लाइंड मोड़ पर झाड़ियों की सफाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़कों पर बाहर निकली पेड़ों की शाखाओं की ट्रिमिंग भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एडीसी ने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि चालान की प्रक्रिया के दौरान लोगों को यातायात नियमों की जानकारी भी दी जाए, ताकि आमजन स्वयं सड़क सुरक्षा के प्रति सजग बनें। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।