समाधान शिविर में डीसी ने सुनी समस्याएं, कई शिकायतों का मौके पर किया निपटारा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

समस्याओं के समाधान के लिए समाधान शिविरों का फायदा उठाएं नागरिक : डीसी

झज्जर,

डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल की अध्यक्षता में लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सोमवार को आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी ढंग से समाधान किया गया। शिविर में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनमें मुख्य रूप से पीपीपी, पेंशन और राजस्व मामलों से जुड़ी 15 शिकायतें शामिल रही। जिला स्तरीय समाधान शिविर में डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने लोगों की शिकायतें सुनीं और तत्काल समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना है, ताकि जनता का प्रशासन पर भरोसा और ज्यादा मजबूत हो। शिविर में विभिन्न शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि कुछ मामलों में आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समाधान होने पर जानकारी दी जाए। यह समाधान शिविर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के दिशा-निर्देश में संचालित राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य आमजन को सुगम, पारदर्शी और त्वरित प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। ऐसे शिविरों के आयोजन से न केवल प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है, बल्कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया भी सरल और त्वरित हो रही है।
उन्होंने बताया कि जिले में उपमंडल स्तर पर भी प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। नागरिकों से अपील है कि वे इन शिविरों में भाग लेकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं। इस अवसर पर एडीसी जगनिवास, एसडीएम अंकित कुमार चौकसे आई ए एस, सीटीएम नमिता कुमारी, डीआरओ मनबीर सिंह, डीडीपीओ निशा तंवर, एसीपी अखिल कुमार, बीडीपीओ राजाराम जिला कष्ट निवारण कमेटी के सदस्य राजपाल बम्बुलिया, मिथुन, सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायत सुनते हुए समाधान कर लोगों को राहत पहुंचाई गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *