देशभक्ति की गूंज के साथ बढ़ेगा कदमों का कारवां, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ पद यात्रा में होंगे शामिल
झज्जर,
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जिले में दो दिवसीय पद यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन राष्ट्रीय एकता, अखंडता और एकात्मकता के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रतीक होगा। जिले की पहली पद यात्रा आज (10 नवंबर, सोमवार को) महर्षि दयानंद स्टेडियम, झज्जर से सुबह 9 बजे आरंभ होकर गुढ़ा होते हुए बेरी हलके के गांव धौड़ में सम्पन्न होगी। इस अवसर पर छह प्रदेशों की पद यात्राओं के प्रभारी एवं भाजपा के राष्ट्रीय सचिव औमप्रकाश धनखड़ बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। इस ऐतिहासिक यात्रा में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रनिष्ठ भावनाओं के साथ बड़ी संख्या में युवा, छात्र, महिलाएं, खिलाड़ी और सामाजिक प्रतिनिधि शामिल होंगे। यह पद यात्रा सरदार पटेल के राष्ट्रनिर्माण, एकीकरण और समर्पण की उस प्रेरक गाथा को जन-जन तक पहुंचाएगी, जिसके कारण उन्हें लौह पुरुष का सम्मान प्राप्त हुआ। यात्रा मार्ग में देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम, प्रेरक संदेश और युवा, छात्र, खिलाड़ी, पूर्व सैनिक , एनएसएस, एनसीसी के युवा वर्ग सहित हर वर्ग की सहभागिता इसकी विशेषता रहेगी।
दूसरी पद यात्रा 11 नवंबर को प्रातः 9 बजे से शुरू होगी, जो बुपनिया (बादली) से प्रारंभ होकर डाबौदा से होती हुई मांडौठी (बहादुरगढ़) तक पहुंचेगी। इन पद यात्राओं का उद्देश्य युवाओं को भारत की सांस्कृतिक विरासत एवं देश को राजनीतिक एकता के सूत्र में पिरोने वाले सरदार पटेल के विचारों से जोड़ना है, जिससे राष्ट्र निर्माण की भावना और अधिक सशक्त हो।