सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में महर्षि दयानंद स्टेडियम झज्जर से प्रारंभ होकर शहर भर में घूमेगी पद यात्रा

विशेष संवाददाता चिमन लाल

नागरिक पदयात्रा में शामिल होकर देंगे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश

झज्जर,

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता एवं एक भारत-आत्मनिर्भर भारत का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन एवं माय भारत के संयुक्त तत्वाधान में जिला भर में पद यात्राएं निकाली जा रही हैं। राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति के संदेश से ओतप्रोत तीसरी पद यात्रा सोमवार को शहर में निकाली जाएगी, जिसमें युवा, विद्यार्थी, सामाजिक संगठन और नागरिकों की सक्रिय सहभागिता रहेगी। एडीसी जगनिवास ने जानकारी देते हुए बताया कि यह यात्रा महर्षि दयानंद सरस्वती स्टेडियम से प्रारंभ होगी और भगत सिंह चौक, अंबेडकर चौक, बीकानेर चौक व पुरानी तहसील मार्ग से होते हुए वापिस स्टेडियम में सम्पन्न होगी। माय भारत केंद्र के जिला युवा अधिकारी बृजेश कौशिक ने बताया कि यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और जोश का माहौल है। लोग तिरंगे बैनरों के साथ यात्रा में भाग लेंगे। पद यात्रा में विद्यालयों और कॉलेजों के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक, खिलाड़ी, महिलाएं, बुजुर्ग और विभिन्न सामाजिक संगठन, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीत, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता संदेश भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति जैसे विषयों पर विशेष जोर रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *