सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर 31 अक्टूबर को रन फॉर यूनिटी में एकता व भाईचारे के संदेश के साथ दौड़ेगा रोहतक

विशेष संवाददाता चिमन लाल

देश की एकता और अखंडता को समर्पित होगी रन फॉर यूनिटी : उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक,

सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर आगामी शुक्रवार, 31 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर रन फॉर यूनिटी इवेंट का आयोजन किया जाएगा। आमजन की सक्रिय भागीदारी के साथ यह दौड़ देश की एकता व अखंडता को समर्पित होगी, जिसमें हर वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी रहेगी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता तथा हरियाणा सरकार में विशेष कार्य अधिकारी आईपीएस पंकज नैन के साथ रन फॉर यूनिटी के आयोजन को लेकर हुई वीडियो कांफ्रेंस के बाद संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सचिन गुप्ता ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी 31 अक्टूबर को होने वाले इस इवेंट में जिला वासियों की प्रभावी जन भागीदारी रहेगी। उन्होंने बताया कि रन फॉर यूनिटी के माध्यम से जिलावासी एक साथ देश की एकता व अखंडता का संकल्प लेते हुए दौड़ेंगे।
डीसी सचिन गुप्ता ने कहा कि इस दौरान स्कूल व कॉलेज के विद्यार्थीगण, खिलाड़ी, नेहरू युवा केंद्र के युवा, सीनियर सिटीजन, महिलाएं तथा आम नागरिक समाज में एकता व भाईचारा का संदेश कायम रखने का संकल्प लेते हुए रन फॉर यूनिटी में भागीदार बनेंगे। उन्होंने बताया कि यह दौड़ राष्ट्रीय एकता का प्रतीक होगी, जिसमें प्रतिभागी अपने हाथ में तिरंगा लेकर देशभक्ति के जज्बे को सलाम करते हुए दौड़ लगाएंगे। राष्ट्रीय भावना के साथ सभी मिलकर दौड़ लगाते हुए सरदार वल्लभ भाई पटेल जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उपायुक्त ने कार्यक्रम की तैयारी के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभी से विभागीय स्तर पर तथा जन भागीदारी के साथ तैयारी शुरू कर दें ताकि इस कार्यक्रम को गरिमामयी ढंग से मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *