साइबर फ्रॉड के मामले में झज्जर पुलिस ने किए दो आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

थाना साइबर क्राइम झज्जर की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। साइबर क्राइम झज्जर की टीम ने झज्जर निवासी एक व्यक्ति के साथ हुए साइबर फ्रॉड के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी प्राप्त की है। थाना साइबर क्राइम झज्जर के प्रबंधक निरीक्षक सोमवीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर शेयर मार्केट से संबंधित एक विज्ञापन देखकर उस पर क्लिक किया था। इसके बाद उसे एक सोशल मीडिया ग्रुप में जोड़ा गया, जहाँ बच्चों को पढ़ाने हेतु ‘टीप’ देने के बहाने विभिन्न निवेश संबंधी प्रलोभन दिए गए। आरोपियों ने झूठे लाभ का लालच देकर पीड़ित को बहकाया और अलग–अलग चरणों में लगभग 4,50,000 रुपये निवेश कराने के बाद उसके साथ साइबर ठगी को अंजाम दिया। शिकायत प्राप्त होते ही थाना साइबर क्राइम टीम ने तत्परता से जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अलीम निवासी हरलालपुर सरन्धना, मेरठ (उत्तर प्रदेश) तथा मोहम्मद कासिम निवासी हर्रा, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पकड़े गए आरोपी अलीम को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है, जबकि आरोपी मोहम्मद कासिम को गहन पूछताछ एवं अन्य सह–आरोपियों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। झज्जर पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित निवेश संबंधी विज्ञापनों से सावधान रहें और किसी भी प्रकार के संदिग्ध लिंक, कॉल या मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तुरंत 1930 हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाना/साइबर क्राइम शाखा को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *