सामुदायिक पुलिसिंग शाखा झज्जर ने लांसर शूज़ कंपनी के कर्मचारियों को किया जागरूक

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बहादुरगढ़,

सामुदायिक पुलिसिंग शाखा झज्जर द्वारा बहादुरगढ़ स्थित लांसर शूज़ कंपनी, सेक्टर-17 में कार्यरत कर्मचारियों के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों तथा नए आपराधिक कानूनों से आम नागरिकों को मिलने वाले लाभों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस अवसर पर उपनिरीक्षक सत्यप्रकाश ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, तेज गति से वाहन न चलाने तथा मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन न चलाने के विषय में जागरूक किया।उपनिरीक्षक ने नशा मुक्ति पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नशाखोरी न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा नशा विरोधी अभियानों में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में नए कानूनों के बारे में जानकारी देते हुए बताया गया कि इन कानूनों से आम नागरिकों को त्वरित न्याय, पीड़ितों को बेहतर संरक्षण और शिकायत प्रक्रिया में पारदर्शिता का लाभ मिल रहा है। ई-एफआईआर, जीरो एफआईआर और समयबद्ध जांच जैसे प्रावधानों पर भी प्रकाश डाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *