सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पकड़े गए चारों आरोपियों को भेजा जेल

विशेष संवाददाता चिमन लाल

छीने गए रुपये व सामान बरामद

बहादुरगढ़

उत्तर प्रदेश मूल की एक महिला के साथ गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार किए गए चारों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर महिला से छीने गए करीब 4 हजार रुपये और अन्य सामान भी बरामद कर लिया है। वहीं, इस मामले में फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।यह वारदात 12 जनवरी की रात की है। जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश की रहने वाली महिला अपने फूफा के साथ देर रात बस से एमआईई क्षेत्र में उतरी थी। इसी दौरान पांच युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने महिला से रुपये और सामान छीना और फिर जबरन उसे हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे में ले गए। वहां आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी बिहार मूल के हैं। दो दिन की रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने आरोपियों से फरार आरोपी के बारे में पूछताछ की और लूटा गया सामान भी बरामद किया।सिटी थाना प्रभारी जमील अहमद ने बताया कि रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे पकड़ने के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *