सीआईए वन बहादुरगढ़ की टीम ने 11 किलो 10 ग्राम चरस सहित किए दो आरोपी गिरफ्तार

विशेष संवाददाता चिमन लाल

झज्जर

नशीले पदार्थों की खरीद फिरौख्त पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह द्वारा जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त करके समाज को जहरीला बनाने वाले तत्वों पर सख्त से सख्त कार्रवाई करने के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों की पालना करते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ की टीम ने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को 11 किलो 10 ग्राम चरस सहित काबू किया है। मामले की जानकारी देते हुए सीआईए वन बहादुरगढ़ प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में चरस/सुल्फा लेकर फरुखनगर साइड से होते हुए दादरी की तरफ जाएगे। जिस सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और याकूबपुर नाका, झज्जर फरुखनगर रोड पर रणनीतिक तरीके से नाकाबंदी कर दी गई। टीम ने अत्यंत सतर्कता के साथ आने-जाने वाले सभी वाहनों पर कड़ी नजर रखी और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच की।थोड़ी ही देर बाद सूचना में बताए अनुसार एक गाड़ी फरुखनगर रोड की दिशा से आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकवाया और चालक एवं उसके साथ बैठे व्यक्ति से पूछताछ की। गाड़ी को सोमवीर निवासी गोठड़ा चला रहा था, जबकि उसके साथ जोगिंदर निवासी गोठड़ा बैठा था। दोनों को संदिग्ध व्यवहार के आधार पर मौके पर ही काबू किया गया। इसके बाद तुरंत राजपत्रित अधिकारी को सूचित किया गया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों और उनके वाहन की तलाशी ली गई। जांच के दौरान गाड़ी से भारी मात्रा में नशीला पदार्थ चरस (सुल्फा) बरामद हुआ। जिसका कुल वजन 11 किलो 100 ग्राम निकला।सीआईए टीम ने बरामद नशीले पदार्थ और आरोपियों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई करते हुए थाना सदर झज्जर में उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय के आदेशानुसार आरोपी सोमबीर को गहन पूछताछ के लिए चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *