विशेष संवाददाता चिमन लाल
झज्जर,
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) द्वारा सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यक्तियों एवं संस्थानों द्वारा किए गए अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा भाव को पहचानने व सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा प्रति वर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती के अवसर पर की जाती है। उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने जानकारी देते हुए बताया कि इस पुरस्कार के लिए भारतीय नागरिक एवं भारतीय संस्थान ही पात्र हैं। संस्थागत श्रेणी में स्वैच्छिक संगठन, कॉर्पोरेट संस्थाएं, शैक्षणिक/अनुसंधान संस्थान, प्रतिक्रिया/वर्दीधारी बल अथवा अन्य संबंधित संस्थान एक संस्था के रूप में आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र उम्मीदवारों/संस्थानों द्वारा भारत में आपदा प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान/नवाचार अथवा जागरूकता कार्य में किए गए कार्यों का स्पष्ट विवरण आवेदन के साथ प्रस्तुत करना अनिवार्य है। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश एवं आवेदन प्रक्रिया राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध हैं।