सेक्टर-13 बहादुरगढ़ में सड़क किनारे मिला फैक्ट्री कर्मचारी का शव, पहचान के बाद पुलिस ने तेज की जांच

विशेष संवाददाता चिमन लाल

बहादुरगढ़,

थाना सदर बहादुरगढ़ की पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई थी कि सेक्टर-13 बहादुरगढ़ क्षेत्र में सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जांच टीम तथा फॉरेंसिक विशेषज्ञ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र की जांच करते हुए सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए और मामले को गंभीरता से लिया। मृतक की पहचान दिलबाग निवासी नयागांव ने अपने भाई विनोद के रूप में की है। परिजनों के अनुसार विनोद सेक्टर-16/17 बहादुरगढ़ स्थित एक निजी फैक्ट्री में कार्यरत था। वह 8 जनवरी 2026 को सुबह लगभग 7 बजे रोजाना की तरह ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा उसकी काफी तलाश की गई, इसी बीच आज सुबह सूचना मिली कि सेक्टर-13 बहादुरगढ़ रोड के किनारे एक शव मिला है, जिसकी पहचान बाद में विनोद के रूप में हुई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में पोस्टमार्टम करवाया। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल मृतक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। डॉक्टरों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। थाना सदर प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और किसी भी संभावित कारण को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *