स्कूली बच्चों के लिए राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का 12 अगस्त को पंचकूला में होगा आयोजन

विशेष संवाददाता चिमन लाल

रोहतक

हरियाणा सरकार के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग द्वारा स्कूली बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन 12 अगस्त 2025 को पंचकूला के यवनिका गार्डन, सेक्टर-5 में किया जाएगा। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को दो आयु वर्गों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी में 6 से 10 वर्ष तक के बच्चों को स्टोरी टेलिंग विषय पर पेंटिंग बनानी होगी, जबकि दूसरी श्रेणी में 11 से 16 वर्ष के प्रतिभागियों को माई विजन विषय पर चित्र बनाना होगा। दोनों श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार के रूप में 7100 रुपए, द्वितीय पुरस्कार 5100 रुपए तथा तृतीय पुरस्कार 2100 रुपए की राशि निर्धारित की गई हैं। इसके अलावा पांच सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। साथ ही, प्रतियोगिता में सर्वाधिक भागीदारी वाले विद्यालय को भी सम्मानित किया जाएगा।
उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों को ड्रॉइंग शीट, रंग तथा अन्य आवश्यक सामग्री स्वयं लेकर आनी होगी। वे जल रंग, पोस्टर रंग, ऑयल पेंट, पेंसिल रंग या किसी भी माध्यम से अपनी पेंटिंग बना सकते हैं। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए इच्छुक विद्यार्थी 21 जुलाई 2025 तक आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण के लिए प्रतिभागी क्यूआर कोड स्कैन करें या artandculturalafairshry@gmail.com पर ईमेल भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *