हरियाणा के बहादुरगढ़ के युवा नेता आर्यन मान ने दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट यूनियन (DUSU) चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के उम्मीदवार थे और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी जोशलिन नंदिता चौधरी ( NSUI) को हराया। इस जीत के साथ आर्यन मान दिल्ली यूनिवर्सिटी के नए प्रेसिडेंट बन गए हैं।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में हरियाणा का दबदबा लंबे समय से रहा है। आर्यन मान के जीतने के बाद अब तक हरियाणा से 7 छात्र नेता DUSU अध्यक्ष बन चुके हैं।
आर्यन मान का परिवार शराब और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा हुआ है। इनकी फैमिली का देशभर में मशहूर लिकर ब्रांड “रॉयल ग्रीन” है। उनके पिता सिकंदर मान, झज्जर जिले के बेरी क्षेत्र में स्थित ADS Spirit नामक शराब फैक्ट्री के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं।
उनके ताऊ दलबीर मान क्षेत्र के बड़े व्यवसायी हैं और उन्होंने ही परिवार का व्यावसायिक साम्राज्य खड़ा किया। दादा श्रीचंद मान सामाजिक रूप से भी काफी सक्रिय थे और लोवा सत्रह खाप के प्रधान रहे हैं। पिता भी दो बार गांव लोवा कलां के सरपंच रह चुके हैं, जिससे परिवार की राजनीतिक पकड़ भी स्पष्ट होती है।
मान परिवार सिर्फ कारोबार और राजनीति तक सीमित नहीं है। ये लोग धार्मिक और सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। दादा की बरसी पर गांव में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें राजनीतिक, फिल्मी और सामाजिक हस्तियां भी शामिल होती हैं। पहले परिवार की हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी निकटता रही है।