विशेष संवाददाता चिमन
झज्जर
हरियाणा पुलिस ने नागरिक सेवाओं को और अधिक डिजिटल व पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया है। आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हर समय पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं का विस्तार किया गया है। अब नागरिक इस पोर्टल के माध्यम से एक समय में पांच एफआईआर डाउनलोड कर सकेंगे।झज्जर के पुलिस कमिश्नर डॉक्टर राजश्री सिंह ने बताया कि पहले पोर्टल पर केवल दो एफआईआर डाउनलोड करने की ही अनुमति थी, जिसे अब बढ़ाकर पांच कर दिया गया है। यह सुविधा पूरी तरह निःशुल्क है और इसका लाभ आम नागरिक घर बैठे उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुलिसिंग में पारदर्शिता लाना, नागरिकों का समय बचाना और थानों में अनावश्यक भीड़ को कम करना है। अब लोगों को एफआईआर की प्रतिलिपि के लिए थानों में नहीं जाना पड़ेंगे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हर समय पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने, एफआईआर की स्थिति जानने और अन्य पुलिस सेवाओं का लाभ भी आसानी से लिया जा सकता है। डिजिटल माध्यम अपनाने से संसाधनों की बचत के साथ-साथ पुलिस और जनता के बीच विश्वास भी मजबूत होगा। इसलिए झज्जर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक डिजिटल सेवाओं का उपयोग करें और तकनीक आधारित इस पहल को सफल बनाएं।