मध्य जिला पुलिस ने भरोसा तोड़कर 10 लाख रुपये हड़पने के मामले को महज 12 घंटे में सुलझा लिया।
थाना डीबीजी रोड पुलिस ने अंतरराज्यीय कार्रवाई करते हुए आरोपी नौकर नीरज (29) को देहरादून से गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है।
03 सितंबर को करोल बाग में मोबाइल फोन के थोक कारोबारी ने अपने कर्मचारी नीरज को जोशी रोड से 10 लाख रुपये की पेमेंट लाने भेजा था। शाम करीब 4:30 बजे कैश लेकर नीरज ने फोन बंद कर लिया और फरार हो गया। इस पर ई-एफआईआर नंबर 80074516/2026 थाना डीबीजी रोड में दर्ज की गई।
जांच में पता चला कि आरोपी रुक-रुक कर अपना फोन ऑन कर रहा था। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस पर उसकी लोकेशन देहरादून में मिली। एसएचओ डीबीजी रोड के नेतृत्व में SI राहुल मेहता, HC सुनीत और L/Ct रितु की टीम तुरंत रात में ही देहरादून रवाना हुई। वहां करीब 25-30 होटलों में तलाशी के बाद आरोपी को एक होटल से पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 8 लाख रुपये अपने बैंक खाते में जमा कर लोन चुकाने की योजना बनाई थी और 2 लाख रुपये बुराड़ी स्थित अपने किराए के कमरे में रखे थे। पुलिस ने 2 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं, जबकि 8 लाख रुपये खाते में ही डेबिट-फ्रीज करा दिए गए हैं, जिससे पूरी 10 लाख की रकम सुरक्षित है।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि आरोपी पहले भी 6 महीने तक शिकायतकर्ता के पास काम कर चुका है और एक महीने पहले ही दोबारा काम पर लगा था।