13 सितम्बर को न्यायिक परिसर में आयोजित होगी राष्ट्रीय लोक अदालत- सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान

विशेष संवाददाता चिमन लाल

रोहतक,

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने बताया कि प्राधिकरण की अध्यक्षा तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरजा कुलवंत कलसन के मार्गदर्शन में स्थानीय न्यायिक परिसर में 13 सितम्बर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों का आह्वान किया है कि वे विभिन्न न्यायालयों में लम्बित अपने मुकदमों को राष्ट्रीय लोक अदालत में रखवाकर शीघ्र व स्थाई समाधान करवाएं।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से मामलों का स्थाई व शीघ्र समाधान किया जाता है। इस अदालत में संबंधित पार्टियों की सहमति से मामलों का निपटारा होता है। लोक अदालत में निपटाए गए मामले के विरूद्घ किसी भी ऊपरी अदालत में अपील नहीं की जा सकती है। नागरिक लोक अदालत में अपने मामलों का निपटारा करवाकर बहुमूल्य समय व धन की बचत कर सकते हैं तथा इस अदालत में मामले निपटाने से समाज में आपसी सद्भाव व भाईचारे की भावना भी प्रबल होती है।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश नीरजा कुलवंत कलसन के मार्गदर्शन में हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण पंचकूला के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रोहतक के कार्यालय में शिक्षक दिवस के उपलक्ष में एक अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त सूची अनुसार जिला के हर खंड के तीन-तीन शिक्षकों को सर्टिफिकेट व पौधा देकर सम्मानित किया। डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि शिक्षक समाज का बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर इंसान के जीवन को सफल बनाने में शिक्षक का अहम योगदान होता है। हमें शिक्षकों का सम्मान करना चाहिए। हरियाणा राज्य में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए फ्लड रिस्पांस एंड रिलीफ ऑपरेशन टास्क फोर्स का गठन किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य लोगों को सहायता पहुंचाना है। अगर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो जाती है तो मुसीबत में फंसे लोगों की जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से संपर्क करके सहायता करना है। ऐसी स्थिति में ऐसी जगह की पहचान करनी होगी, जहां पर बाढ़ से बचाव के लिए प्रबंध किए जा सके।
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की पैनल टीम द्वारा रोहतक जिला में अनेक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक किया जा सके। इस कार्यक्रम की शुरुआत के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने अपने कार्यालय के कर्मचारियों के नाम व मोबाइल नंबरों की सूची कार्यालय के बाहर चस्पा की है ताकि लोग ऐसी किसी आपात स्थिति में फोन करके सहायता प्राप्त कर सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *