विशेष संवाददाता चिमन लाल
शिविर में मौके पर ई-केवाईसी करवाकर पात्र वंचित व्यक्ति बनवा सकते है आयुष्मान कार्ड
रोहतक,
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र लाभार्थियों को निशुल्क उपचार उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिला में सरकारी आरक्षित पैकेजों के अंतर्गत 17 से 24 नवंबर 2025 तक विशेष शल्य चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने सभी पात्र नागरिकों का आह्वान किया है कि वे अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल अथवा स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित विशेष शिविरों का लाभ उठाये। अभी तक स्वास्थ्य कार्ड बनवाने से वंचित रहे पात्र व्यक्ति शिविर स्थल पर ई-केवाईसी करवाकर स्वास्थ्य कार्ड भी बनवा सकते है। उन्होंने बताया कि इन विशेष शिविरों में सामान्य शल्य चिकित्सा दूरबीन द्वारा, नेत्र रोग, कान, नाक, गला, स्त्री एवं प्रसूति रोग, हड्डी रोग विशेष रूप से घुटना जोड़ प्रत्यर्पण एवं कूल्हे के जोड़ प्रत्यर्पण, मूत्र रोग, बाल रोग एवं अन्य विभागों की शल्य चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जायेगी। यह सभी शल्य क्रियाएं संबंधित विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में की जायेगी।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में लाभार्थियों की पहुंच को बढ़ाना तथा योजना के अंतर्गत चिन्हित सरकारी आरक्षित पैकेजों की सेवाओं को सुनिश्चित करना है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निशुल्क शल्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाना, सरकारी अस्पतालों में योजना की सेवाओं का उपयोग बढ़ाना एवं आरक्षित पैकेजों का अधिकतम लाभ दिलाना तथा जन जागरूकता बढ़ाकर अधिक से अधिक लाभार्थियों तक सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं में उपचार को पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इन विशेष शल्य चिकित्सा शिविरों में लाभार्थियों को भर्ती, जांच, ऑपरेशन, दवा एवं भोजन की सुविधा निशुल्क प्रदान की जायेगी। सभी सेवाएं निशुल्क रूप में आयुष्मान कार्ड धारकों को उपलब्ध करवाई जायेगी। लाभार्थी के लिए केवल आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड अथवा राशन कार्ड, लाना अनिवार्य होगा। प्रत्येक शिविर में योजना से संबंधित जानकारी हेतु आयुष्मान मित्र की उपस्थिति रहेगी।