29 नवंबर से एक दिसंबर तक रंगशाला परिसर में आयोजित होगा गीता महोत्सव

विशेष संवाददाता चिमन लाल

नगर निगम पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला परिसर की 26 नवंबर शाम तक करवाये साज-सज्जा : उपायुक्त सचिन गुप्ता

रोहतक,

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे स्थानीय पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला परिसर की 26 नवंबर शाम तक साज-सज्जा करवाये। नगर निगम द्वारा रंगशाला परिसर में मरम्मत के साथ-साथ रंग रोगन तथा लाइटों को भी ठीक करवाया जाये ताकि रंगशाला परिसर में गीता महोत्सव का 29 नवंबर से एक दिसंबर 2025 तक भव्य आयोजन करवाया जा सके। डीसी सचिन गुप्ता सायं अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त मनजीत सिंह, नगराधीश अंकित कुमार, मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल व अन्य अधिकारियों के साथ पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला का निरीक्षण कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतरीन स्थल है। नगर निगम द्वारा इस रंगशाला का अच्छे से रखरखाव करवाया जाये। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा रंगशाला परिसर की साज-सज्जा करवाकर गीता महोत्सव के लिए तैयार करवाये।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम से कहा कि वे 26 नवंबर को रंगशाला परिसर का दिन में तीन बार निरीक्षण कर साज-सज्जा का जायजा ले। उन्होंने मौके पर उपस्थित लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे रंगशाला परिसर में 27 नवंबर सुबह से गीता महोत्सव की तैयारियों के लिए टेंट इत्यादि का कार्य शुरू करवाये। उन्होंने कहा कि टेंट के अलावा लाइट, साउंड व अन्य प्रबंध समय पर पूर्ण करवाये जाये। सरकार के निर्देशानुसार 29 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 तक जिला स्तरीय गीता महोत्सव का आयोजन करवाया जाना है। पंडित श्रीराम शर्मा रंगशाला ऐसे भव्य कार्यक्रम के लिए शहर के मध्य में स्थित उपयुक्त स्थल है। उन्होंने रंगशाला परिसर में स्थित स्टेज व सीढिय़ों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी तथा जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि वे सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां पूर्ण करवाये। सेमीनार के लिए भी सभी प्रबंध किए जाये। गीता महोत्सव में श्रीमद्भागवद् गीता एवं महाभारत पर आधारित भव्य प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जो आम जनता के अवलोकनार्थ तीनों दिन खुली रहेगी। स्कूली विद्यार्थियों एवं अन्य सांस्कृतिक टीमों द्वारा गीता महोत्सव के तीनों दिन गीता के अमर संदेश तथा हरियाणवीं संस्कृति पर आधारित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *