डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने किया शहर का निरीक्षण, लोगों से लिए सुझाव

विशेष संवाददाता चिमन लाल

सड़कों, पार्कों व मुख्य चौहरों के सौंदर्यीकरण पर विशेष फोकस

झज्जर,

उपायुक्त स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने शुक्रवार सुबह शहर के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहरी क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्य, जल निकासी व्यवस्था, सड़कों की स्थिति तथा शहर के सौंदर्यीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का जायजा लिया। शहरी स्थानीय निकाय, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, बिजली विभाग और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी साथ रहे। इस दौरान डीसी ने शहरवासियों से भी बातचीत करते हुए शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी सुझाव लिए। डीसी ने कहा कि जिला मुख्यालय होने के नाते शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण व्यवस्था उत्कृष्ट होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी वार्डों में नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कूड़ा संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था को और मजबूत बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शहर में लगे स्ट्रीट लाइटों की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि जहां कहीं लाइटें खराब हैं, वहां तुरंत बदलने का कार्य किया जाए ताकि नागरिकों को रात के समय किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। डीसी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि सड़कों पर पड़े गड्ढों और टूटी सड़कों को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए।
उपायुक्त ने सबसे पहले राव तुलाराम चौक का निरीक्षण किया और चौक के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बादली रोड की मरम्मत, एसडी स्कूल के पास ट्रांसफार्मर को शिफ्ट करने, शहीद पार्क के सौंदर्यीकरण, बुआ हसन मकबरों के पास स्थित तालाब पर लाइटिंग लगाने तथा भगत सिंह चौक से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने राव मंगलीराम पार्क के आगे ग्रीन बेल्ट बनाने और लाइटिंग की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। बुद्धो माता मंदिर, वैदिक स्कूल क्षेत्र, राव तुलाराम पार्क सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शहर के विभिन्न इलाकों में नागरिकों से भी बातचीत की और शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए उनका फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि झज्जर ऐतिहासिक शहर है और जिला प्रशासन इसकी समस्याओं को दूर करते हुए इसे एक सुंदर और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *